ताज़ा खबरेंविदेश

‘अपराधियों के प्रति नरमी बरतने का समय अब ​​खत्म…’ अमेरिका में भारतीय शख्स की हत्या पर बोले ट्रंप

अमेरिका के टेक्सास में पिछले हफ्ते एक भारतीय व्यक्ति चंद्र नागमल्लैया की गला काटकर दिल दहलाने वाली हत्या की खबर ने पूरे अमेरिका को हिला कर रख दिया. हत्यारा और उसकी यह क्रूर्ता CCTV कैमरे में कैद हो गई. साथ ही इससे यह पता लगा कि वह क्यूबा से आया अवैध प्रवासी है और उसका अपराधिक रिकॉर्ड है. अब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस हत्या पर प्रतिक्रिया व्यक्त की है. उन्होंने “अमेरिका को फिर से सुरक्षित” बनाने की कसम खाई और कहा कि उनकी सरकार अवैध “आप्रवासी अपराधियों” के खिलाफ “नरम” नहीं पड़ेगी.

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पोस्ट करते हुए लिखा, “मुझे टेक्सास के डलास में एक सम्मानित व्यक्ति चंद्र नागमल्लैया की हत्या की भयावह खबरों की जानकारी है. उनकी पत्नी और बेटे के सामने, क्यूबा से आए एक अवैध विदेशी ने बेरहमी से उनका सिर कलम कर दिया, जिसे हमारे देश में कभी होना ही नहीं चाहिए था. इस व्यक्ति को पहले भी बाल यौन शोषण, कार चोरी और झूठे कारावास जैसे जघन्य अपराधों के लिए गिरफ्तार किया गया था लेकिन अक्षम जो बाइडेन के कार्यकाल में उसे हमारी मातृभूमि में वापस छोड़ दिया गया क्योंकि क्यूबा ऐसे दुष्ट व्यक्ति को अपने देश में नहीं चाहता था.

उन्होंने आगे लिखा, निश्चिंत रहें, मेरे शासन में इन अवैध अप्रवासी अपराधियों के प्रति नरमी बरतने का समय अब ​​खत्म हो गया है! होमलैंड सिक्योरिटी सचिव क्रिस्टी नोएम, अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी, बॉर्डर ज़ार टॉम होमन और मेरे प्रशासन के कई अन्य लोग, अमेरिका को फिर से सुरक्षित बनाने में अविश्वसनीय काम कर रहे हैं. इस अपराधी, जिसे हमने हिरासत में लिया है, पर कानून की पूरी हद तक मुकदमा चलाया जाएगा. उस पर प्रथम श्रेणी की हत्या का आरोप लगाया जाएगा!”

यह घटना 10 सितंबर सुबह के वक्त डलास के डाउनटाउन सुइट्स मोटल में हुई. पुलिस के अनुसार, मूल रूप से कर्नाटक के रहने वाले चंद्र मौली नागमल्लैया उर्फ बॉब की उनके सहकर्मी योरडानिस कोबोस-मार्टिनेज ने एक टूटी हुई वॉशिंग मशीन पर विवाद के बाद हत्या कर दी. 37 साल के कोबोस-मार्टिनेज कथित तौर पर उस समय क्रोधित हो गए जब नागमल्लैया ने उससे सीधे बात करने के बजाय किसी अन्य व्यक्ति से उनके निर्देशों का अनुवाद (ट्रांसलेट) करने के लिए कहा. सर्विलांस फुटेज (CCTV) में कोबोस-मार्टिनेज को गंडासा निकालते और नागमल्लैया पर हमला करते हुए देखा गया है. कोबोस-मार्टिन पर टेक्सास के शहर ह्यूस्टन में आपराधिक रिकॉर्ड है, जिसमें गाड़ी चोरी और हमले के लिए गिरफ्तारी भी शामिल है.

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button