मनोरंजन

एकता कपूर के साथ फिर लौटी रोमांस की जादुई जोड़ी, बड़े पर्दे पर सजेगी ‘हीर रांझा’

पिछले साल दोबारा रिलीज हुई फिल्म ‘लैला मजनू’ की सफलता के बाद अब इसके मेकर्स एक और अमर प्रेम कहानी को बड़े पर्दे पर लाने जा रहे हैं। फिल्ममेकर इम्तियाज अली और साजिद अली ने फिर से हाथ मिलाया है और अब वे क्लासिक लव स्टोरी ‘हीर रांझा’ को नए अंदाज में पेश करेंगे। इस फिल्म को एकता कपूर प्रोड्यूस कर रही हैं।

‘हीर रांझा’ का निर्देशन साजिद अली करेंगे। मेकर्स के मुताबिक, यह फिल्म ‘लैला मजनू’ की दूसरी कड़ी मानी जाएगी और उसी इमोशनल जुड़ाव को आगे बढ़ाएगी, जिसने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई थी।

निर्माताओं का कहना है कि ‘हीर रांझा’ एक ऐसी प्रेम कहानी होगी जो क्लासिक जड़ों से जुड़ी होगी, लेकिन उसे आज के दौर के हिसाब से पेश किया जाएगा। फिल्म नई पीढ़ी के लिए प्यार को नए नजरिए से दिखाएगी और एक काव्यात्मक व भावनात्मक अनुभव देने का वादा करती है। फिल्म के टाइटल अनाउंसमेंट के बाद से ही ‘लैला मजनू’ के फैंस में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।

फिल्म की शूटिंग जल्द शुरू होने की उम्मीद है। हालांकि, अभी तक कलाकारों के नाम का खुलासा नहीं किया गया है। वैलेंटाइन डे के मौके पर मेकर्स ने एक छोटा-सा वीडियो शेयर कर फिल्म की घोषणा की। इसके कैप्शन में लिखा था, “कुछ प्रेम कहानियां कभी खत्म नहीं होतीं… लैला मजनूं से हीर रांझा तक, प्यार की विरासत जारी है।”

फिल्म को लेकर एकता कपूर ने कहा कि इम्तियाज़ और साजिद प्यार को सच्चाई और गहराई से पर्दे पर उतारने की खास कला रखते हैं। उन्होंने कहा कि ‘लैला मजनूं’ को समय के साथ दर्शकों का प्यार मिला और वह एक कल्ट क्लासिक बन गई। अब ‘हीर रांझा’ भी ऐसी प्रेम कहानी होगी जो समय और भावनाओं की सीमाओं को पार करने की कोशिश करेगी।

वहीं, इम्तियाज़ अली ने कहा कि ‘हीर रांझा’ की अपनी एक अलग दुनिया और लय है। यह आज की पीढ़ी की प्रेम भाषा को दर्शाती है, लेकिन अपनी जड़ों से जुड़ी रहती है। उन्होंने कहा कि एकता कपूर के साथ फिर से काम करना उनके लिए स्वाभाविक और भावनात्मक साझेदारी का हिस्सा है।

गौरतलब है कि 2018 में रिलीज हुई ‘लैला मजनूं’ में तृप्ति डिमरी और अविनाश तिवारी मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। शुरुआती रिलीज के समय फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं हो पाई थी और सिर्फ 3 करोड़ रुपये कमा सकी थी। लेकिन समय के साथ इस फिल्म ने अपनी अलग पहचान बनाई और बड़ी फैन फॉलोइंग तैयार की।

साल 2025 में जब फिल्म दोबारा रिलीज हुई तो इसने अतिरिक्त 11 करोड़ रुपये की कमाई की और आखिरकार हिट साबित हुई। अब मेकर्स को उम्मीद है कि ‘हीर रांझा’ भी उसी सफलता को आगे बढ़ाएगी और दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाएगी।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button