WPL 2026 का पहला टॉस RCB के नाम, स्मृति मंधाना ने चुनी पहले गेंदबाजी

महिला प्रीमियर लीग (WPL) के चौथे सीजन की शुरुआत शुक्रवार, 9 जनवरी को हो गई। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला जा रहा है।
मैच से पहले टॉस के लिए मुंबई इंडियंस की कप्तान हरमनप्रीत कौर और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की कप्तान स्मृति मंधाना मैदान पर उतरीं। टॉस आरसीबी ने जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
टॉस के बाद आरसीबी की कप्तान स्मृति मंधाना ने कहा कि डीवाई पाटिल स्टेडियम में ओस एक बड़ा फैक्टर रहती है और यह मैदान लक्ष्य का पीछा करने के लिए बेहतर माना जाता है। इसी वजह से उनकी टीम ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि टीम का फोकस सटीक लाइन-लेंथ पर गेंदबाजी कर मुंबई को सीमित स्कोर पर रोकने का रहेगा।
वहीं, मुंबई इंडियंस की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने बताया कि उनकी टीम भी टॉस जीतने पर पहले गेंदबाजी करना चाहती थी क्योंकि ओस का असर मैच में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि टीम पिछले 10 दिनों से लगातार अभ्यास कर रही है और सभी खिलाड़ी अच्छी लय में हैं। हालांकि, हरमनप्रीत ने यह भी जानकारी दी कि स्टार ऑलराउंडर हेली मैथ्यूज तबीयत ठीक न होने के कारण इस मुकाबले में नहीं खेल रही हैं।
WPL के इस ओपनिंग मैच के साथ ही एक बार फिर महिला क्रिकेट के रोमांचक सफर की शुरुआत हो गई है।





