मोमोज की ऐसी लत कि बच्चे ने लुटा दिए लाखों के गहने

देवरिया: उत्तर प्रदेश के देवरिया से एक मामला सामने आया जिसने सबको हैरान कर दिया. यहां एक बच्चे की मोमोज के प्रति लत ने उसके परिवार को लाखों का नुक्सान करा दिया. बच्चे ने मोमोज खाने के लिए अपने घर के लाखों के गहने ही दे दिए.
दरअसल यह मामला उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र का है जहां एक 7वी कक्षा के बच्चे को मोमोज खिलाने के बहाने तीन युवकों ने लाखों की ज्वेलरी हड़प ली. यह पूरा मामला भगवानपुर तिवारी गांव का है, जहां पीड़ित परिवार ने पुलिस में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
कैसे हुआ खुलासा?
पीड़ित परिवार के मुखिया पुजारी विमलेश मिश्र ने बताया कि उनके घर में उनका और उनकी बहन का लगभग 85 लाख रुपये का जेवर रखा हुआ था. जब उनकी बहन किसी काम से अपने आभूषण लेने आईं और अलमारी खोली, तो वहां रखे लगभग सभी गहने गायब थे.
घबराए हुए परिवार ने जब बच्चे से पूछताछ की, तो उसने बताया कि उसने मोमोज खाने के बदले में डुमरी चौराहे पर स्थित दुकानदारों को गहने दे दिए हैं.
पुलिस ने शुरू की जांच
इस खुलासे के बाद पीड़ित परिवार ने रामपुर कारखाना थाने में तीन संदिग्ध युवकों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. आरोपियों की भूमिका, बच्चे को बहलाने-फुसलाने की प्रक्रिया और गायब हुए गहनों की कुल मात्रा की जांच जारी है.
यह मामला इस बात की ओर इशारा करता है कि किस तरह मासूम बच्चों को छोटी-छोटी चीजों के लालच में फंसाया जा सकता है.





