दिल्ली यूनिवर्सिटी में वोटों की जंग खत्म, ABVP फिर बना छात्रों की पहली पसंद

दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ (DUSU) चुनाव 2025 के नतीजे आ गए हैं, और इस बार अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने एक बार फिर से अपनी मज़बूत पकड़ साबित कर दी है। चार प्रमुख पदों के लिए हुए चुनाव में ABVP ने तीन पदों पर शानदार जीत दर्ज की है, जबकि एक पद पर कांग्रेस की छात्र इकाई नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) को जीत मिली है।
इस बार अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में ABVP के आर्यन मान ने बड़ी बढ़त के साथ जीत हासिल की है। आर्यन मान को कुल 28,841 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी NSUI की जोश्लिन नंदिता चौधरी को केवल 12,645 वोट ही मिल सके। इस तरह आर्यन ने 16,196 वोटों के अंतर से बड़ी जीत दर्ज की।
DUSU elections | Rahul Yadav Jhansla celebrates as NSUI secures vice president seat https://t.co/PiWIahxQMU pic.twitter.com/TTkIWYENCl
— ANI (@ANI) September 19, 2025
उपाध्यक्ष पद पर हालांकि NSUI को एकमात्र सफलता मिली है। इस पद पर NSUI के राहुल झासला ने जीत हासिल की है। वहीं, सचिव पद पर ABVP के कुणाल चौधरी और सह-सचिव (जॉइंट सेक्रेटरी) पद पर ABVP की दीपिका झा विजयी रही हैं। कुल मिलाकर ABVP ने 4 में से 3 पदों पर कब्जा करते हुए चुनाव में दबदबा बनाया है।
दिल्ली यूनिवर्सिटी में छात्रसंघ चुनाव 2025 के लिए मतदान हाल ही में संपन्न हुआ था, जिसमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। हालांकि चुनाव के दौरान ABVP और NSUI के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी देखने को मिला। NSUI ने ABVP और विश्वविद्यालय प्रशासन पर EVM में गड़बड़ी और चुनाव में धांधली के आरोप लगाए। NSUI ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी पोस्ट किया जिसमें कथित तौर पर EVM में ABVP उम्मीदवार के नाम के सामने स्याही का निशान दिखाया गया था।
चुनाव में चार प्रमुख पदों के लिए कुल 21 उम्मीदवार मैदान में थे। मतगणना के बाद आए नतीजों से साफ है कि दिल्ली यूनिवर्सिटी में ABVP की छात्र राजनीति में पकड़ अब भी काफी मजबूत है। हालांकि NSUI ने उपाध्यक्ष पद जीतकर कुछ हद तक अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है।
छात्रसंघ चुनाव के ये नतीजे न केवल दिल्ली यूनिवर्सिटी की छात्र राजनीति का रुख दिखाते हैं, बल्कि आने वाले समय में राष्ट्रीय छात्र राजनीति पर भी इसका असर पड़ सकता है।





