नींबू पर चढ़ाने निकली थार, शोरूम की पहली मंज़िल से लगा दी छलांग

पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार में सोमवार शाम एक बड़ा हादसा होने से बाल-बाल टल गया। महिंद्रा थार की डिलीवरी के दौरान यह कार शोरूम की पहली मंज़िल से सीधे नीचे जमीन पर जा गिरी। गनीमत रही कि इस घटना में किसी को चोट नहीं आई।
जानकारी के मुताबिक, प्रदीप नाम के ग्राहक अपनी पत्नी मणि पवार के साथ नई थार रॉक्स कार लेने शोरूम पहुंचे थे। पहली मंजिल पर कार की डिलीवरी के समय पूजा की रस्म चल रही थी। इसी दौरान, महिला को कार नींबू पर चढ़ानी थी, लेकिन गलती से उसने एक्सीलेरेटर ज्यादा दबा दिया। अचानक कार तेजी से आगे बढ़ी, शोरूम की कांच की दीवार तोड़ी और नीचे फुटपाथ पर जा गिरी।
Delhi | शोरूम की पहली मंजिल से शीशे को तोड़ते हुए महिला ने सड़क पर कूदा दी थार #Thar #Accident #Delhi https://t.co/LnT0JSCFAV
— NewsMobile Samachar (@NewsMobileHindi) September 9, 2025
हादसे के वक्त कार में प्रदीप, उनकी पत्नी मणि और शोरूम का सेल्समैन विकास मौजूद थे। पुलिस उपायुक्त (पूर्व) अभिषेक धनिया ने बताया कि हादसे में किसी को चोट नहीं आई है और न ही किसी ने शिकायत दर्ज कराई है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में शोरूम के टूटे कांच के फ्रेम और नीचे पलटी हुई महिंद्रा थार साफ दिखाई दे रही है।
पुलिस ने बताया कि यह घटना सोमवार शाम करीब 5 बजे हुई और अब मामले की जांच जारी है।





