भारत

बिहार चुनाव में बढ़ा तनाव, डुमरांव में मनोज तिवारी के काफिले पर डंडों से हमला

बक्सर जिले के डुमरांव में शनिवार को बीजेपी सांसद और उम्मीदवार मनोज तिवारी के रोड शो के दौरान अफरातफरी मच गई। मनोज तिवारी ने आरोप लगाया है कि रोड शो के दौरान आरजेडी समर्थकों ने उनकी गाड़ियों पर, अभद्र नारेबाजी की और डंडों से वाहनों पर वार किए। उन्होंने इस घटना को “लोकतंत्र पर हमला” बताया और चुनाव आयोग से तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की।

मीडिया से बातचीत में तिवारी ने कहा, “डुमरांव में हमारे रोड शो की शुरुआत में ही कुछ लोगों ने नारेबाजी शुरू कर दी। पहले हूटिंग की गई और फिर हमारी गाड़ियों पर आरजेडी का झंडा लगाने की कोशिश हुई। जब हमने इसका विरोध किया तो उन्होंने हमारे ऊपर हमला करने की कोशिश की और गाड़ियों को चारों तरफ से घेर लिया।”

बीजेपी सांसद के अनुसार, स्थिति इतनी बिगड़ गई कि ड्राइवरों को गाड़ियां तेजी से निकालनी पड़ीं। उन्होंने कहा, “हमें डर था कि कहीं मोकामा जैसी स्थिति न बन जाए, इसलिए हमने तुरंत वहां से निकलने का निर्देश दिया। लेकिन उन लोगों ने हमारी गाड़ियों पर डंडे बरसाए और शीशे तोड़ने की कोशिश की।”

मनोज तिवारी ने इसे खुला अपराध बताते हुए कहा कि चुनाव के दौरान इस तरह की घटनाएं अस्वीकार्य हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले में उन्होंने एसपी से बात की है और चुनाव आयोग में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।

तिवारी ने आरोप लगाया कि विपक्षी महागठबंधन राज्य में चुनावी हिंसा का माहौल बनाकर मतदाताओं में भय फैलाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने प्रशासन और आयोग से मांग की कि घटना की वीडियो फुटेज और स्थानीय गवाहों के आधार पर दोषियों की पहचान कर तुरंत गिरफ्तारी की जाए।

उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इस तरह की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो बिहार में निष्पक्ष चुनाव कराना मुश्किल हो जाएगा।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button