तमन्ना भाटिया बनीं ‘शिव शक्ति’, ट्रेलर रिलीज के साथ ‘ओडेला 2’ ने मचाई धूम

साल 2022 में आई सस्पेंस और थ्रिल से भरपूर फिल्म ओडेला रेलवे स्टेशन को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। अब इसका सीक्वल ओडेला 2 एक नई कहानी और नई स्टारकास्ट के साथ लौट आया है। इस बार फिल्म की लीड में हैं तमन्ना भाटिया, जो एक शक्तिशाली दिव्य महिला ‘शिव शक्ति’ की भूमिका निभा रही हैं।
मंगलवार, 8 अप्रैल को फिल्म का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है, जो रहस्य, रोमांच और एक्शन से भरपूर है। कहानी एक खतरनाक और काले जादू का इस्तेमाल करने वाले व्यक्ति (वशिष्ठ एन. सिम्हा) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो गांव की महिलाओं को परेशान करता है। उसकी तंत्र शक्तियों का सामना करने के लिए शिव शक्ति की एंट्री होती है, जो गांववासियों की रक्षा का बीड़ा उठाती हैं।
तेलुगु भाषा में रिलीज इस ट्रेलर को सबटाइटल्स के साथ लॉन्च किया गया है। ट्रेलर में जबरदस्त वीएफएक्स, विजुअल्स और बैकग्राउंड स्कोर ने दर्शकों को बांधे रखा है। तमन्ना के साथ फिल्म में हेबाह पटेल और वशिष्ठ एन सिम्हा जैसे कलाकार भी नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन अशोक तेजा ने किया है, जिन्होंने पहले भाग का भी निर्देशन किया था।
ओडेला 2 17 अप्रैल 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसके अगले ही दिन अक्षय कुमार की केसरी: चैप्टर 2 भी पर्दे पर आएगी, जिससे दोनों फिल्मों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है। फिलहाल ट्रेलर को दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। सोशल मीडिया पर यूजर्स ने इसे ‘नेक्स्ट लेवल’ बताया है, वहीं कुछ ने लिखा, ‘ट्रेलर ने रोंगटे खड़े कर दिए। फिल्म जरूर धमाल मचाएगी।’





