विदेश

भारत और अमेरिका के बीच जल्द होगी बात, ट्रंप के पोस्ट पर पीएम मोदी का जवाब

टैरिफ तनाव के बीच भारत और अमेरिका के बीच व्यापार वार्ता पटरी पर लौटती दिख रही है. अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने आज एक पोस्ट के जरिए पीएम मोदी को अपना अच्छा दोस्त कहा साथ ही आने वाले हफ्ते में फोन पर बातचीत करने की बात भी कही.

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोशल मीडिया अकाउंट ट्रुथ में पोस्ट करते हुए लिखा, “मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका, दोनों देशों के बीच व्यापार बाधाओं को दूर करने के लिए बातचीत जारी रखे हुए हैं. मैं आने वाले हफ़्तों में अपने बहुत अच्छे दोस्त, प्रधानमंत्री मोदी से बात करने के लिए उत्सुक हूं. मुझे पूरा विश्वास है कि हमारे दोनों महान देशों के लिए एक सफल निष्कर्ष पर पहुंचने में कोई कठिनाई नहीं होगी!”

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर राष्ट्रपति ट्रंप के पोस्ट पर रिप्लाई देते हुए लिखा, “भारत और अमेरिका घनिष्ठ दोस्त और स्वाभाविक पार्टनर हैं. मुझे विश्वास है कि हमारी व्यापार वार्ता भारत-अमेरिका साझेदारी की असीमित संभावनाओं को उजागर करने का रास्ता तैयार करेगी. हमारी टीमें इन चर्चाओं को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए काम कर रही हैं. मैं राष्ट्रपति ट्रंप से बात करने के लिए भी उत्सुक हूं. हम अपने दोनों लोगों के लिए एक उज्जवल, अधिक समृद्ध भविष्य सुरक्षित करने के लिए मिलकर काम करेंगे.”

गौरतलब है कि अमेरिका ने भारत पर 50 फीसदी टैरिफ लगाया था, साथ ही ट्रंप की सख्त बयानबाजी के कारण दोनों देशों के संबंधों में कई हफ्तों तक तनाव देखा गया. लेकिन हाल ही में दोनों देशों के बीच संबंधों में नरमी के संकेत दिखे हैं. 4 दिन में यह दूसरी बार है जब ट्रंप ने भारत के साथ अपने देश के संबंधों की प्रशंसा की है और साथ ही साथ दोनों बार मोदी की तारीफ की है.

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button