T20 World Cup की शुरुआत से पहले टीम इंडिया ने न्यूयॉर्क में शुरू की ट्रेनिंग

न्यूयॉर्क: टीम इंडिया ने 5 जून को आयरलैंड के खिलाफ आईसीसी टी20 विश्व कप के शुरुआती मुकाबले की तैयारी के लिए न्यूयॉर्क में अपना प्रशिक्षण शुरू कर दिया है. बता दें कि टूर्नामेंट 1 जून से 29 जून तक वेस्टइंडीज और यूएसए में आयोजित किया जाएगा.
टीम इंडिया 1 जून को न्यूयॉर्क के नासाउ काउंटी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में बांग्लादेश के खिलाफ एक अभ्यास मैच भी खेलेगी. भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रित बुमरा ने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर साझा की जिसमें वह, तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह, हरफनमौला खिलाड़ी अक्षर पटेल, रवींद्र जड़ेजा, शिवम दुबे और नंबर एक टी-20 बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव प्रशिक्षण सत्र के दौरान कसरत करते नजर आ रहे हैं.
चोटों के कारण ऑस्ट्रेलिया में 2022 टी20 विश्व कप से चूकने के बाद इस बार बुमराह टीम में वापसी कर रहे हैं. बुमराह ने 2016 और 2021 संस्करणों में 10 टी20 विश्व कप मैचों में 22.54 के औसत और 21.0 के स्ट्राइक रेट के साथ 11 विकेट लिए हैं.
भारत का टी20 विश्व कप अभियान 5 जून को नासाउ काउंटी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयरलैंड के खिलाफ शुरू होगा. भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित भिड़ंत 9 जून को होने वाली है. इसके बाद भारत अपने ग्रुप ए मैचों के समापन के लिए 12 जून को सह-मेजबान अमेरिका और 15 जून को कनाडा से भिड़ेगा.





