T20 World Cup: आयरलैंड पर जीत के साथ हिटमैन के बल्ले से हुई रिकॉर्ड्स की बारिश

नई दिल्ली: भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 में शानदार जीत से शुरुआत की है. इस टूर्नामेंट में आयरलैंड के खिलाफ भारतीय टीम ने अपना पहला मैच खेला. इस दौरान टीम इंडिया ने आयरलैंड को 8 विकेट से करारी मात दी. टीम इंडिया की बेहतरीन गेंदबाजी ने आयरलैंड की टीम को मात्र 16 ओवर में ही समेट दिया, जहाँ आयरलैंड की टीम केवल 96 रन ही बनाने में सक्षम हो पायी. वहीं कप्तान रोहित शर्मा ने 37 गेंदों पर 52 रन बनाकर अपनी फोर्म को बरकरार रखा. रोहित ने इसके साथ टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 4000 रन पूरे कर लिए. हिटमैन ने 144 मैचों में यह उपलब्धि हासिल की.
रोहित शर्मा टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं. उन्होंने इस दौरान पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम (Babar Azam) को पीछे छोड़ा. रोहित 4026 रन के साथ विराट कोहली (4038) के बाद दूसरे नंबर पर पहुंच गए वहीं बाबर आजम 119 मैचों में 4023 रन के साथ तीसरे नंबर पर खिसक गए हैं. बाबर ने हाल में इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में 10 दिन पहले रोहित शर्मा को पीछे धकेल कर दूसरा नंबर हथिया लिया था. लेकिन रोहित ने अब बाबर से हिसाब चुकता कर लिया है.

रोहित शर्मा ने आयरलैंड के खिलाफ अपनी अर्धशतकीय पारी के दौरान 3 छक्के जड़े. इसके साथ उनकी इंटरनेशनल क्रिकेट में छक्कों की संख्या 600 (Rohit Sharma 600 International Sixes) पर पहुंच गई है. रोहित इंटरनेशनल क्रिकेट में यह कारनामा करने वाले दुनिया के इकलौते बल्लेबाज हैं. उनके बाद क्रिस गेल का नंबर आता है जो 553 छक्कों के साथ दूसरे नंबर पर हैं. गेल अब इंटरनेशनल क्रिकेट को बाय बाय कह चुके हैं.

दाएं हाथ के बल्लेबाज रोहित शर्मा के टी20 वर्ल्ड कप में 1000 रन पूरे हो गए. रोहित टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में 1000 रन बनाने वाले दुनिया के तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं. उनके 40 मैचों में 1015 रन हो गए हैं. इस लिस्ट में विराट कोहली 1142 रन के साथ पहले नंबर पर हैं जबकि श्रीलंका के दिग्गज माहेला जयवर्धने 1016 रन के साथ दूसरे नंबर पर हैं.





