सुप्रीम कोर्ट ने केजरीवाल की जमानत याचिका पर फैसला रखा गया सुरक्षित, अगले हफ्ते होगी सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट ने केजरीवाल की जमानत याचिका पर फैसला रखा गया सुरक्षित, अगले हफ्ते होगी सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट ने CBI मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की जमानत याचिका पर आज यानी गुरुवार को सुनवाई की। इस दौरान कोर्ट ने CBI मामले में केजरीवाल की जमानत व गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली दोनों याचिकाओं पर फैसला सुरक्षित रख लिया गया है। जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस उज्जल भुइयां की पीठ ने दिल्ली सीएम की जमानत याचिका पर सुनवाई की है।
अरविंद केजरीवाल ने दो अलग-अलग याचिकाएं दायर की हैं, जिन पर सुप्रीम कोर्ट सुनवाई कर रहा है। एक याचिका में केजरीवाल ने सीबीआई द्वारा अपनी गिरफ्तारी को चुनौती दी है। वहीं दूसरी याचिका में केजरीवाल ने जमानत देने की अपील की है। इससे पहले 5 अगस्त को दिल्ली हाईकोर्ट ने केजरीवाल की जमानत याचिका खारिज कर दी थी और उन्हें ट्रायल कोर्ट जाने को कहा था। हाईकोर्ट ने केजरीवाल की जमानत का विरोध करते हुए सीबीआई ने दलील दी थी कि दिल्ली सीएम जमानत पर बाहर आने के बाद गवाहों को प्रभावित कर सकते हैं।
सीबीआई ने गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट को बताया कि अरविंद केजरीवाल की रिहाई से आबकारी नीति घोटाले से जुड़े भ्रष्टाचार के मामले में कई गवाह विरोधी हो जाएंगे। सुप्रीम कोर्ट से केजरीवाल को जमानत पर रिहा नहीं करने का आग्रह करते हुए एएसजी एसवी राजू ने कहा कि गोवा विधानसभा चुनाव 2022 में आम आदमी पार्टी (आप) के कई उम्मीदवार आप प्रमुख की गिरफ्तारी के बाद ही केंद्रीय एजेंसी को अपना बयान देने के लिए आगे आए। एएसजी ने तर्क दिया, “अगर आप केजरीवाल को जमानत पर रिहा कर देंगे तो वे (गवाह) मुकर जाएंगे।”
वहीं, केजरीवाल के वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने सुप्रीम कोर्ट के केजरीवाल के संबंध में दिए गए अन्य आदेश का भी हवाला दिया। जिसमें सुप्रीम कोर्ट की अन्य बेंच ने कहा था कि, ‘जीवन का अधिकार पवित्र है और केजरीवाल 90 दिनों से अधिक समय से जेल में हैं।’ सिंघवी ने लोकसभा चुनाव के दौरान मिले अंतरिम बेल, फिर ट्रायल कोर्ट से मिले रेगुलर बेल और उसपर हाईकोर्ट के स्टे का भी जिक्र किया। सिंघवी ने ये भी बताया कि अचानक से सीबीआई ने स्पेशल कोर्ट में पूछताछ के लिए अर्जी डाल दी।
बता दें कि सीबीआई ने 26 जून को अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया था। जब वे इसी घोटाले के संबंध में प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा धन शोधन मामले में न्यायिक हिरासत में थे। वहीं, केजरीवाल को सबसे पहले 21 मार्च को ईडी ने गिरफ्तार किया था।





