
नई दिल्ली. सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान के बीच खेले गए क्वालीफायर 2 मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को 36 रनों से हराकर हैदराबाद ने फाइनल में एंट्री कर ली है. इसी के साथ अब 26 मई को आईपीएल का महामुकाबला हैदराबाद और कोलकाता के बीच खेला जाएगा.
पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद ने राजस्थान के सामने 176 रनों का लक्ष्य खड़ा किया. लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 139 रन ही बना सकी. बता दें कि पिछले सीजन में 10वें स्थान पर रही हैदराबाद इस साल अपने नए कप्तान पैट कमिंस की अगुवाही में फाइनल में प्रवेश कर गई है. फाइनल में 26 मई को हैदराबाद की टीम का मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ होगा. हैदराबाद की ओर से बल्लेबाजी के दौरान क्लासेन ने 34 गेंद पर 50 रन की ऐसी उपयोगी पारी खेली थी.
मैच का स्कोर ज्यादा बड़ा नहीं था राजस्थान की टीम भी मजबूत स्थिती में मैदान पर थी सलामी बल्लेबाज जायासवाल ने शानदार 42 रन जड़ दिए थे लेकिन हैदराबाद के लिए मैच में रोमांच तब आया जब इंपैक्ट प्लेयर के रूप में उतरे शाहबाज अहमद ने पूरा मैच ही पलट दिया. उन्होंने बल्लेबाजी करते हुए भी 18 रन की पारी खेली साथ ही गेंदबाजी में भी धमाल मचाया. शाहबाज ने 3 विकेट लेकर मैच पलट दिया. उन्होंने राजस्थान के 3 बेहतरीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा. इसके बाद पिच के मिजाज को जानने के बाद कमिंस ने बीच के ओवरों में अभिषेक शर्मा से गेंदबाजी करवाई. अभिषेक ने कप्तान के भरोसे को सही ठहराया और 4 ओवर में 24 रन देकर 2 विकेट लेने में सफल हो गए. अभिषेक ने कप्तान संजू सैमसन और हेटमायर के दो अहम विकेट लिए जिसने मैच को पलटने का काम किया. कमिंस की सूझबूझ भरी कप्तानी ने हैदराबाद को फाइनल में पहुंचा दिया.





