विदेश

80 की उम्र में अंतरिक्ष की उड़ान: अरविंदर सिंह बहल ने रचा इतिहास

अमेरिका में रहने वाले और भारत के आगरा में जन्मे अरविंदर “अर्वी” सिंह बहल ने 80 साल की उम्र में एक और बड़ा कारनामा कर दिखाया है। उन्होंने शनिवार को अमेरिका के वेस्ट टेक्सास स्थित लॉन्च साइट वन से Blue Origin की NS-34 स्पेस फ्लाइट में सवार होकर अंतरिक्ष की ऐतिहासिक उड़ान भरी। इस उड़ान के साथ बहल अंतरिक्ष जाने वाले दुनिया के सबसे उम्रदराज लोगों में शामिल हो गए हैं।

अरविंदर सिंह बहल का जन्म 13 अक्टूबर 1945 को आगरा में ताजमहल के पास हुआ था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत भारत की नेशनल डिफेंस अकैडमी से की, लेकिन बाद में रास्ता बदल लिया। पहले दार्जिलिंग में चाय बागानों में काम किया और फिर दिल्ली के पास गारमेंट इंडस्ट्री में भी अपना हाथ आजमाया। साल 1975 में वे महज 108 डॉलर लेकर अमेरिका पहुंचे और वहां रियल एस्टेट के क्षेत्र में कदम रखा। 1979 तक उन्हें अमेरिकी नागरिकता भी मिल गई।

बहल का जीवन किसी रोमांचक फिल्म से कम नहीं रहा। वे अब तक दुनिया के सभी 196 देशों और सातों महाद्वीपों की यात्रा कर चुके हैं। उन्होंने नॉर्थ पोल और साउथ पोल की यात्राएं की हैं, और माउंट एवरेस्ट और मिस्र के पिरामिड्स के ऊपर स्काइडाइविंग भी की है। उनके पास प्राइवेट पायलट का लाइसेंस है और हेलिकॉप्टर उड़ाने की ट्रेनिंग भी ली हुई है। लेकिन शनिवार को उन्होंने जीवन की सबसे बड़ी ऊंचाई छू ली — अंतरिक्ष के उस पार, जिसे ‘कारमैन लाइन’ कहते हैं और जो धरती से करीब 100 किलोमीटर ऊपर है।

Blue Origin की यह NS-34 फ्लाइट साल 2025 की तीसरी और कंपनी की कुल 14वीं मानवयुक्त उड़ान थी। यह उड़ान करीब 10 मिनट की रही, जिसमें छह लोग सवार थे और सभी सुरक्षित धरती पर लौट आए।

बहल के साथ इस मिशन में शामिल थे:

जेडी रसेल – अमेरिका के बिजनेसमैन, जो पहले भी एक बार Blue Origin की उड़ान भर चुके हैं।

जस्टिन सन – चीन के क्रिप्टो करेंसी उद्यमी और TRON के संस्थापक।

डेबोरा मार्टोरेल – पुएर्टो रिको की जानी-मानी मौसम वैज्ञानिक।

गोखान एरडेम – तुर्की के बिजनेसमैन।

लायनेल पिचफोर्ड – ब्रिटेन के शिक्षक और मानवता सेवक।

Blue Origin कंपनी की स्थापना अमेजन के फाउंडर जेफ बेजोस ने की थी और अब यह लगातार अंतरिक्ष में इंसानी मिशन भेजने की संख्या बढ़ा रही है। इससे पहले अप्रैल में NS-31 मिशन में ऑल-वुमन सेलिब्रिटी क्रू भेजा गया था, जिसमें जेफ बेजोस की मंगेतर लॉरेन सांचेज़, सिंगर केटी पेरी और टीवी स्टार गेल किंग शामिल थीं। अरविंदर सिंह बहल की यह उड़ान न सिर्फ उम्र की सीमाओं को तोड़ती है, बल्कि यह साबित करती है कि अगर हौसला बुलंद हो, तो अंतरिक्ष भी दूर नहीं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button