विदेश

पहलगाम आतंकी हमले पर भारत के साथ खड़ा है दक्षिण कोरिया: विदेश मंत्री चो ह्यून

दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्री चो ह्यून ने पहलगाम आतंकी हमले की निंदा करते हुए आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ एकजुटता दिखाई है। उन्होंने कहा कि उनका देश भारत सरकार और भारत की जनता के साथ खड़ा है। चो ह्यून ने कहा, “हम आतंकवाद के सख्त खिलाफ हैं। इस मुद्दे पर हमारा रुख स्पष्ट और दृढ़ है। किसी भी तरह के आतंकी हमले को हम बर्दाश्त नहीं करेंगे और भारत के साथ खड़े हैं।”

गौरतलब है कि 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 निर्दोष लोगों की हत्या कर दी गई थी। इसके जवाब में भारत ने 7 मई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया, जिसके तहत पाकिस्तान और पीओजेके में आतंकी ढांचों पर सटीक हमले किए गए। इस अभियान में सैकड़ों आतंकियों का खात्मा किया गया और पाकिस्तान की हर कोशिश को नाकाम किया गया। भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने चो ह्यून के साथ द्विपक्षीय बैठक की। जयशंकर ने दक्षिण कोरिया द्वारा पहलगाम हमले की निंदा करने और सियोल में भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल को मिले समर्थन के लिए आभार जताया।

जयशंकर ने कहा, “मैं पहलगाम हमले की निंदा के लिए दक्षिण कोरिया का धन्यवाद करना चाहता हूं। साथ ही इस बात की भी सराहना करता हूं कि जब हमारा प्रतिनिधिमंडल सियोल गया, तो वहां उनकी अच्छी बैठकें हुईं और चो ह्यून ने स्वयं उनसे मिलने का प्रयास किया।” चो ह्यून ने कहा कि दिल्ली वापस आकर उन्हें बहुत खुशी हो रही है। 2015 से 2017 तक भारत में राजदूत रहने के दौरान उन्होंने भारत की गहरी संस्कृति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए बड़े बदलावों को नजदीक से देखा था। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में भारत में और भी अच्छे बदलाव हुए हैं।

उन्होंने याद किया कि राजदूत रहते हुए उनकी मुलाकात उस समय विदेश सचिव रहे एस. जयशंकर से होती थी और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर कई बार चर्चा हुई थी। चो ह्यून ने कहा, “आज हमारी बैठक बहुत अच्छी रही। हमने द्विपक्षीय रिश्तों को आगे बढ़ाने और मौजूदा भू-राजनीतिक व भू-आर्थिक चुनौतियों से निपटने के तरीकों पर विचार-विमर्श किया।”

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button