सोनाक्षी सिन्हा का साउथ डेब्यू: सुपरनैचुरल थ्रिलर ‘जटाधारा’ से करेंगी एंट्री, मेकर्स ने किया पोस्टर जारी

बॉलीवुड में करीब 25 साल बिताने के बाद सोनाक्षी सिन्हा अब साउथ सिनेमा की ओर रुख कर रही हैं। वह तेलुगु फिल्म जटाधारा से साउथ इंडस्ट्री में डेब्यू कर रही हैं। इस सुपरनैचुरल फैंटेसी थ्रिलर फिल्म का आधिकारिक ऐलान महिला दिवस (8 मार्च) के मौके पर किया गया। जी स्टूडियोज ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर सोनाक्षी सिन्हा का पहला लुक जारी किया। कैप्शन में लिखा गया, “इस महिला दिवस पर, ‘जटाधारा’ में शक्ति और सामर्थ्य का प्रकाश स्तंभ उभर रहा है! सोनाक्षी सिन्हा का स्वागत है।”
View this post on Instagram
पोस्टर जारी होते ही सोनाक्षी के पति, अभिनेता जहीर इकबाल ने इस पर फायर इमोजी के साथ प्रतिक्रिया दी। जटाधारा एक तेलुगु फिल्म है, जिसमें सुधीर बाबू भी नजर आएंगे। फिल्म का मुहूर्त पूजन हाल ही में हैदराबाद के एक मंदिर में किया गया था। यह एक्शन और सस्पेंस से भरपूर पौराणिक कहानी पर आधारित फिल्म बताई जा रही है।
जटाधारा के अलावा सोनाक्षी सिन्हा तू है मेरी किरण में भी दिखाई देंगी, जिसमें उनके पति जहीर इकबाल भी लीड रोल में होंगे। इसके अलावा उनके पास निकिता रॉय एंड द बुक ऑफ डार्कनेस भी है। बता दें कि सोनाक्षी ने 2010 में सलमान खान के साथ फिल्म दबंग से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। अब देखना दिलचस्प होगा कि साउथ इंडस्ट्री में सोनाक्षी का यह नया सफर उन्हें कितनी सफलता दिलाता है।





