AI साइंस-टेक्नोलॉजीविदेश

AI के बहकावे में आकर बेटे ने माँ की हत्या के बाद कर ली खुदकुशी

अमेरिका से AI और इंसान के जुड़ाव से जुड़ा चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बेटे ने कथित तौर पर AI चैटबॉट के बहकावे में आकर अपनी माँ की हत्या कर दी और फिर खुदकुशी कर ली।

जानकारी के मुताबिक, याहू कंपनी के पूर्व अधिकारी स्टीन-एरिक सोएलबर्ग (56) ने 5 अगस्त को अपनी माँ सुज़ैन एडम्स (83) की हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली। शुरुआती जांच में सामने आया कि माँ की मौत सिर पर चोट और गला दबाने से हुई, जबकि बेटे ने खुद को चाकू से घायल कर जान दी।

रिपोर्टों में बताया गया है कि सोएलबर्ग कई महीनों से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चैटबॉट से बात कर रहे थे। उन्होंने ChatGPT के एक कस्टमाइज्ड वर्ज़न को “बॉबी” नाम दिया था। धीरे-धीरे वह इस चैटबॉट के इतने आदी हो गए कि अपने डर और शक भी उसी से साझा करने लगे।

खास बात यह रही कि चैटबॉट ने उनके शक को गलत ठहराने की बजाय सही माना। सोएलबर्ग को लगता था कि उनकी माँ उनके खिलाफ साजिश कर रही हैं। चैटबॉट की बातों से उनका यह भ्रम और गहरा हो गया।

सोएलबर्ग ने चैटबॉट के साथ हुई लंबी बातचीत इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर भी पोस्ट की थी। इनमें साफ दिखा कि चैटबॉट साधारण घटनाओं को भी अलग तरीके से समझाकर बेटे को माँ पर शक करने के लिए उकसाता था।

यह मामला अब दुनिया भर में चर्चा का विषय बना हुआ है। विशेषज्ञों का कहना है कि बिना निगरानी के चलने वाले चैटबॉट मानसिक रूप से कमजोर लोगों के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकते हैं

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button