SL vs PAK: रोमांचक मुकाबले में आखिरी गेंद पर हारा पाकिस्तान, फाइनल में पहुंची श्रीलंका

SL vs PAK: सुपर 4 में श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच खेला गया मैच बीते दिन का सबसे रोमांचक मुकाबला रहा. फाइनल में अपनी सीट पक्की करने की लड़ाई में श्रीलंका ने बाजी मार ली.
श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच हुआ मुकाबला पहले तो बरिश की चपेट में आया लेकिन फिर काफी देर के बाद मैच शुरू हुआ और मैच का फैसला आखिरी गेंद पर हुआ जिसमें श्रीलंका ने बाजी मारी और 2 विकेट से मैच जीतकर एशिया कप के फाइनल में अपनी जगह बना ली.
दरअसल, बारिश की वजह से मैच को 42-42 ओवर का कर दिया गया था. पाकिस्तान ने पहले खेलते हुए 42 ओव में 252 रन 7 विकेट पर बनाए, जिसमें मोहम्मद रिजवान ने कमाल की पारी खेली और 73 गेंद पर 86 रन नाबाद बनाकर अपनी टीम को एक सम्मानजनक स्कोर पर पहुंचा दिया. वहीं, इफ्तिखार अहमद ने 47 रन बनाए. पाकिस्तान 42 ओवर में 7 विकेट पर 252 रन बना पाने में सफल रहा. श्रीलंका को डकवर्थ-लुईस पद्धति के अनुसार जीत के लिए 252 रन बनाने थे.
इसके बाद मैदान पर उतरी श्रीलंका की टीम ने एक धमाकेदार शुरुआत की एक समय टीम ने 35 ओवर में 3 विकेट पर 210 रन बना लिए थे. इस अहम पड़ाव पर अर्धशतकीय पारी खेलने वाले कुसाल मेंडिस गेंदबाज इफ्तिखार अहमद की गेंद पर कैच आउट हो गए. यहां मोहम्मद हारिस ने एक ऐसा कैच लपका जिसने मैच को पलट दिया. कुसाल मेंडिस के आउट होने से श्रीलंका पर दबाव बन गया. मेंडिस अपने शतक से चूक गए और 91 रन बनाकर आउट हुए.
लेकिन 42वें ओवर के रोमांच ने सारा खेल बदल दिया. अब श्रीलंका के लिए सारी उम्मीद चरिथ असलंका के कंधे पर थी. 42वें ओवर में बाएं हाथ के तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी ने लगातार 2 गेंद पर 2 विकेट झटके. अंतिम ओवर में श्रीलंका को 8 रन बनाने थे. पहली 4 गेंद पर सिर्फ 2 रन बने थे और एक विकेट भी गिर गया था. 5वीं गेंद असलंका ने चौका लगा दिया. डेब्यू कर रहे तेज गेंदबाज जमान खान अंतिम गेंद लेग साइड के बाहर डाल दी और बल्लेबाज के लिए रन बनाना आसान हो गया. इसी के साथ श्रीलंका ने जीत का परचम लहराया.





