पीएम मोदी के अमेरिका यात्रा के संकेत, संयुक्त राष्ट्र में संबोधन संभव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले महीने यानी सितंबर में अमेरिका की यात्रा कर सकते हैं। इस दौरान वे न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के वार्षिक उच्च-स्तरीय सत्र में हिस्सा लेकर भाषण दे सकते हैं। संयुक्त राष्ट्र की ओर से जारी प्रारंभिक वक्ताओं की सूची के मुताबिक, पीएम मोदी 26 सितंबर की सुबह सत्र को संबोधित कर सकते हैं।
संयुक्त राष्ट्र महासभा का 80वां सत्र 9 सितंबर से शुरू होगा, जबकि उच्च-स्तरीय आम बहस 23 से 29 सितंबर तक चलेगी। परंपरा के मुताबिक, बहस की शुरुआत ब्राजील के भाषण से होगी और उसके बाद अमेरिका का नंबर आएगा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 23 सितंबर को यूएनजीए मंच से अपना संबोधन देंगे। यह उनके दूसरे कार्यकाल में महासभा में दिया जाने वाला पहला भाषण होगा।
वक्ताओं की प्रारंभिक सूची के अनुसार, 26 सितंबर को भारत के साथ इस्राइल, चीन, पाकिस्तान और बांग्लादेश के शासनाध्यक्ष भी सत्र को संबोधित करेंगे। हालांकि, यह सूची फिलहाल अस्थायी है और इसमें आगे बदलाव संभव है।
इससे पहले, पीएम मोदी ने इस साल फरवरी में वॉशिंगटन डीसी का दौरा किया था, जहां उन्होंने व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति ट्रंप के साथ द्विपक्षीय बैठक की थी। दोनों नेताओं ने बहु-क्षेत्रीय द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) के पहले चरण पर बातचीत शुरू करने की योजना की घोषणा की थी। लेकिन इसी दौरान अमेरिका ने भारत पर 50% टैरिफ लगा दिया, जिसमें रूस से तेल खरीद पर 25% अतिरिक्त शुल्क भी शामिल था। यह 27 अगस्त से लागू होगा। भारत ने इस कदम को अनुचित बताते हुए कहा था कि देश अपने राष्ट्रीय हितों और आर्थिक सुरक्षा की रक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठाएगा।
इस साल का संयुक्त राष्ट्र महासभा सत्र ऐसे समय हो रहा है जब दुनिया इस्राइल-हमास युद्ध और यूक्रेन संघर्ष जैसी बड़ी चुनौतियों का सामना कर रही है।




