खेलताज़ा खबरें

रोहित शर्मा के संन्यास पर शुभमन गिल का बड़ा बयान – “अभी सिर्फ जीत पर फोकस”

आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 का फाइनल मुकाबला रविवार, 9 मार्च को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। इस महत्वपूर्ण मैच से पहले, भारतीय टीम के उपकप्तान शुभमन गिल ने कप्तान रोहित शर्मा के संभावित संन्यास के संबंध में चल रही अटकलों पर प्रतिक्रिया दी है।

मैच से एक दिन पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में शुभमन गिल से पूछा गया कि मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रोहित शर्मा फाइनल के बाद संन्यास ले सकते हैं। क्या इस विषय पर ड्रेसिंग रूम में कोई चर्चा हुई है? इस पर गिल ने स्पष्ट किया, “अभी तो हमारी जीतने की ही कोशिश हो रही है। टीम में इसको लेकर कोई बात नहीं हो रही है। इस पर रोहित भाई ही फैसला करेंगे। अभी वो चैम्पियंस ट्रॉफी फाइनल जीतने पर ही फोकस कर रहे हैं। फिलहाल, इसको लेकर (रोहित के संन्यास) कोई चर्चा नहीं है।”

बड़े मैच के दबाव के बारे में पूछे जाने पर गिल ने कहा, “बड़े मैच का प्रेशर जरूर रहता है। मगर फाइनल वाले दिन जो टीम नॉर्मल मैच की तरह खेलती है, उस पर दबाव नहीं आ पाता है। वही टीम जीतती भी है। लेकिन, यह कहना जितना आसान है, करना उतना ही मुश्किल है।”

उन्होंने विराट कोहली का उदाहरण देते हुए अनुभव की महत्ता पर जोर दिया, “अनुभव की भूमिका (बड़े मैचों में) होती है। पिछले मैच में विराट इसका उदाहरण हैं। उन्होंने कई फाइनल खेले हैं और दबाव को अच्छी तरह से संभाला है। आप पैटर्न जानते हैं और इसलिए यह महत्वपूर्ण है।”

भारतीय टीम के लिए चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 का स्क्वॉड:

रोहित शर्मा (कप्तान) शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, ऋषभ पंत, हार्दिक पंड्या, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती

न्यूजीलैंड टीम का स्क्वॉड:

मिचेल सेंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉन्वे, मैट हेनरी, टॉम लैथम, डेरिल मिचेल, विलियम ओरोर्के, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, नाथन स्मिथ, केन विलियमसन, विल यंग, जैकब डफी, काइल जैमीसन

फाइनल मुकाबले में दोनों टीमें अपनी पूरी क्षमता के साथ मैदान में उतरेंगी, और क्रिकेट प्रेमियों को एक रोमांचक मैच की उम्मीद है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button