ताज़ा खबरें

शुभमन गिल का इंग्लैंड दौरे पर जलवा, ब्रैडमैन और गावस्कर जैसे दिग्गजों की सूची में शामिल

भारतीय क्रिकेट टीम के युवा बल्लेबाज शुभमन गिल ने इंग्लैंड दौरे पर शानदार प्रदर्शन करते हुए न सिर्फ टीम की अगुवाई की, बल्कि अपने दमदार प्रदर्शन से कई रिकॉर्ड भी अपने नाम किए। रोहित शर्मा के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के बाद गिल को टीम की कप्तानी सौंपी गई और उन्होंने इस जिम्मेदारी को बखूबी निभाया। गिल इस समय भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांचवें टेस्ट मैच में खेले गए दोनों पारियों में बड़ी पारी नहीं खेल पाए। पहली पारी में उन्होंने 21 रन और दूसरी पारी में 11 रन बनाए। लेकिन पूरी सीरीज में उनका प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा। उन्होंने 10 पारियों में 75.4 के औसत से कुल 754 रन बनाए, जिसमें चार शतक शामिल हैं।

इतना ही नहीं, गिल एक टेस्ट सीरीज में बतौर कप्तान सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों में दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। उन्होंने इंग्लैंड के पूर्व कप्तान ग्राहम गूच का 1990 में भारत के खिलाफ बनाया गया 752 रनों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। अब उनसे ऊपर सिर्फ डॉन ब्रैडमैन हैं, जिन्होंने 1936-37 की एशेज सीरीज में कप्तान के रूप में 810 रन बनाए थे। गिल ने इस सीरीज में चार शतक जड़े हैं, जिनमें एक दोहरा शतक भी शामिल है। इसी के साथ वह किसी एक टेस्ट सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। पहले नंबर पर सुनील गावस्कर हैं, जिन्होंने 1971 में वेस्टइंडीज दौरे पर 774 रन बनाए थे।

इस ऐतिहासिक सूची में अब गिल का नाम दूसरे स्थान पर दर्ज हो गया है। तीसरे स्थान पर सुनील गावस्कर का ही एक और रिकॉर्ड है, जब उन्होंने घरेलू सीरीज में वेस्टइंडीज के खिलाफ 732 रन बनाए थे। चौथे स्थान पर यशस्वी जायसवाल हैं, जिन्होंने 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ 712 रन बनाए थे, जबकि पांचवें स्थान पर विराट कोहली हैं, जिन्होंने 2014-15 के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर 692 रन बनाए थे। गिल के इन आंकड़ों ने साबित कर दिया है कि भारतीय चयनकर्ताओं ने उन पर भरोसा करके कोई गलती नहीं की। अब देखना दिलचस्प होगा कि वह आने वाले समय में भारतीय टेस्ट क्रिकेट को किस ऊंचाई तक ले जाते हैं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button