इतिहास रचने के बाद धरती पर लौटे शुभांशु शुक्ला, परिवार से हुई भावुक मुलाकात

अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर 18 दिन बिताने के बाद भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला बुधवार को अपने परिवार से मिल गए। उनकी इस भावुक मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं। शुभांशु शुक्ला, जिन्हें उनके साथी और प्रशंसक ‘शक्स’ के नाम से जानते हैं, मंगलवार 15 जुलाई को तीन अन्य अंतरिक्ष यात्रियों के साथ धरती पर सुरक्षित लौटे। उनका स्पेसक्राफ्ट समुद्र में सफलतापूर्वक लैंड हुआ।
Gp Capt Shubhanshu Shukla reunites with his family after returning from space ❤️🇮🇳 pic.twitter.com/yfENxJr7ed
— ISRO Spaceflight (@ISROSpaceflight) July 16, 2025
उनकी पत्नी कामना ने समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए कहा, “अब जब शुभांशु सुरक्षित लौट आए हैं, तो हमारा पूरा ध्यान उनकी रिकवरी और दोबारा सामान्य जीवन में ढलने पर रहेगा। हमारे लिए तो उनका लौट आना ही सबसे बड़ा जश्न है।” कामना अमेरिका में ही थीं जब शुभांशु ने 25 जून को फ्लोरिडा से स्पेसएक्स के जरिए अपने अंतरिक्ष मिशन की तैयारी शुरू की थी।
यह वापसी यात्रा टेक्सस की निजी कंपनी Axiom Space और एलन मस्क की कंपनी SpaceX के संयुक्त अभियान का हिस्सा थी। यह Axiom द्वारा आयोजित चौथा अंतरिक्ष मिशन था। शुभांशु की इस ऐतिहासिक वापसी पर बुधवार को केंद्र सरकार ने उन्हें बधाई दी और कहा कि यह मिशन भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम के लिए एक नया अध्याय साबित होगा।





