खेल

चोट से वापसी पर श्रेयस अय्यर का शानदार प्रदर्शन, विजय हजारे ट्रॉफी में जड़ा अर्धशतक

भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर ने चोट से उबरने के बाद मैदान पर दमदार वापसी की है। मुंबई की ओर से खेलते हुए श्रेयस ने विजय हजारे ट्रॉफी में हिमाचल प्रदेश के खिलाफ शानदार अर्धशतक लगाया। उन्होंने 53 गेंदों में 82 रन की पारी खेलकर यह साबित कर दिया कि वह न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज से पहले पूरी तरह फॉर्म में हैं।

श्रेयस ने अक्टूबर 2025 के बाद पेशेवर क्रिकेट में वापसी की है। ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान चोटिल होने के कारण वह लंबे समय तक क्रिकेट से दूर रहे थे। श्रेयस अय्यर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक वनडे मैच में फील्डिंग करते समय चोट लगी थी। हालत गंभीर होने पर उन्हें सिडनी के एक अस्पताल में आईसीयू में भर्ती कराया गया था। इसके बाद उन्होंने बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपना रिहैब पूरा किया। 2 जनवरी 2026 को श्रेयस ने अपना 50 ओवर का रिटर्न टू प्ले (RTP) सफलतापूर्वक पूरा किया, जिसके बाद उन्हें विजय हजारे ट्रॉफी में खेलने की अनुमति मिली।

मुंबई की टीम मुश्किल में थी जब श्रेयस बल्लेबाजी के लिए उतरे। आठ ओवर में टीम का स्कोर 55 रन था और यशस्वी जायसवाल (15) और सरफराज खान (21) आउट हो चुके थे। इसके बाद श्रेयस ने मुशीर खान के साथ तीसरे विकेट के लिए 82 रन की साझेदारी की। फिर उन्होंने टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 65 रन जोड़े। अपनी पारी में श्रेयस ने 10 चौके और तीन छक्के लगाए। वह शतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन कुशाल पाल ने उनकी पारी को खत्म कर दिया।

इस मुकाबले में श्रेयस ने शार्दुल ठाकुर की गैरमौजूदगी में मुंबई टीम की कप्तानी भी संभाली।

बीसीसीआई ने हाल ही में 11 जनवरी से शुरू होने वाली न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान किया है, जिसमें श्रेयस अय्यर को भी शामिल किया गया है। उन्हें इस सीरीज के लिए उपकप्तान बनाया गया है। हालांकि उनका खेलना फिटनेस पर निर्भर करेगा, लेकिन विजय हजारे ट्रॉफी में इस पारी से श्रेयस ने फिटनेस और फॉर्म दोनों साबित कर दी हैं, जिससे न्यूजीलैंड सीरीज में उनके खेलने की उम्मीदें मजबूत हो गई हैं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button