फील्डिंग के दौरान चोटिल हुए श्रेयस अय्यर की हालत गंभीर, सिडनी के अस्पताल में भर्ती

भारतीय वनडे टीम के उपकप्तान श्रेयस अय्यर चोटिल होने के बाद सिडनी के अस्पताल में आईसीयू में भर्ती हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे के दौरान फील्डिंग करते समय उन्हें बाईं पसलियों में गंभीर चोट लगी थी, जिसके बाद आंतरिक रक्तस्राव (internal bleeding) का पता चला। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन उन्हें निगरानी में रखा गया है।
तीसरे वनडे में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ एलेक्स कैरी का कैच लेते वक्त अय्यर बैकवर्ड पॉइंट से तुरंत दौड़े और शानदार कैच पकड़ा। लेकिन गिरते समय उनकी बाईं पसलियों पर जोरदार चोट लगी, जिसके तुरंत बाद उन्हें मैदान से बाहर ले जाया गया। बीसीसीआई ने मैच के बाद उनकी स्थिति को लेकर जानकारी दी और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
न्यूज़ एजेंसी PTI के अनुसार श्रेयस पिछले कुछ दिनों से ICU में हैं और डॉक्टर्स ने बताया कि आंतरिक रक्तस्राव के चलते उन्हें तुरंत अस्पताल लाना ज़रूरी था। संक्रमण से बचाने के लिए उन्हें कम से कम 2 से 7 दिन तक कड़ी निगरानी में रखा जाएगा। बताया जा रहा है कि अगर सब कुछ सामान्य रहा, तो उन्हें एक सप्ताह तक अस्पताल में रहना पड़ सकता है।
सूत्रों के मुताबिक श्रेयस की रिकवरी में अपेक्षा से अधिक समय लग सकता है और अभी उनकी मैदान पर वापसी को लेकर कोई निश्चित समयसीमा तय नहीं की जा सकती। भारत लौटने की अनुमति मिलने से पहले उन्हें अस्पताल में पूरी तरह फिट घोषित किया जाना ज़रूरी होगा।
30 वर्षीय श्रेयस अय्यर फिलहाल केवल वनडे क्रिकेट खेल रहे हैं। कमर की समस्या के कारण वह टेस्ट क्रिकेट से पहले ही दूर हैं और हाल में उन्हें टी20 टीम में भी शामिल नहीं किया गया था। दूसरे वनडे में उन्होंने 61 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम में अहम योगदान दिया था। फिलहाल भारतीय टीम प्रबंधन और फैंस उनकी जल्द और सुरक्षित रिकवरी की उम्मीद कर रहे हैं।





