चोट के बाद श्रेयस का फैंस के नाम पहला संदेश- “हर गुजरते दिन के साथ बेहतर होता जा रहा हूँ”

टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर इन दिनों गंभीर चोट से जूझ रहे हैं. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में खेले गए तीसरे वनडे मैच के दौरान घायल हुए अय्यर की स्प्लीन (तिल्ली) में कट लग गया और आंतरिक रक्तस्राव शुरू हो गया. स्थिति बिगड़ने पर उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया और फिर आईसीयू में शिफ्ट किया गया. जिसके कुछ दिन बाद मीडिया द्वारा मिली जानकारी के अनुसार उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है. वहीं अब चोट के बाद श्रेयस का फैंस के नाम पहला संदेश सामने आया है. उन्होंने इंस्टाग्राम पर स्टोरी लगाकर फैंस को संदेश दिया है.

भारतीय क्रिकेटर श्रेयस अय्यर ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया, “मैं अभी रिकवरी की प्रक्रिया में हूँ और हर गुजरते दिन के साथ बेहतर होता जा रहा हूँ. मुझे मिली सभी शुभकामनाओं और समर्थन के लिए मैं बहुत आभारी हूँ – यह वाकई बहुत मायने रखता है. मुझे अपने विचारों में रखने के लिए धन्यवाद.”
बीसीसीआई का बयान
बीसीसीआई ने अपनी आधिकारिक प्रेस रिलीज में बताया, ‘श्रेयस अय्यर को 25 अक्तूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे में पेट पर लगी चोट के कारण स्प्लीन में कट और आंतरिक रक्तस्राव हुआ. चोट की तुरंत पहचान की गई और रक्तस्राव को नियंत्रित किया गया. उनकी स्थिति अब स्थिर है और वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं. 28 अक्तूबर को दोबारा किए गए स्कैन में सुधार देखा गया है और वह रिकवरी की राह पर हैं.’ बीसीसीआई ने यह भी स्पष्ट किया कि मेडिकल टीम सिडनी और भारत के विशेषज्ञों के साथ मिलकर लगातार श्रेयस की सेहत पर नजर रखेगी.
If you want to fact-check any story, WhatsApp it now on +91 11 7127 9799 or Click Here





