शाइन सिटी घोटाला: ईओडब्ल्यू ने वांछित आरोपी नेकपाल सिंह को लखनऊ से किया गिरफ्तार

आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने सोमवार को शाइन सिटी इंफ्रा प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड के करोड़ों रुपये के ठगी मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान नेकपाल सिंह उर्फ निक्की के रूप में हुई है। उसे लखनऊ के कृष्णा नगर थाना क्षेत्र से ईओडब्ल्यू की टीम ने पकड़ा।
ईओडब्ल्यू के मुताबिक, शाइन सिटी इंफ्रा प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में लोगों को सस्ते प्लॉट और मोटे मुनाफे का लालच देकर निवेश कराया। कंपनी ने आम लोगों से करोड़ों रुपये जमा कराए, लेकिन न तो प्लॉट दिए गए और न ही निवेश की रकम लौटाई गई। ठगी सामने आने के बाद कंपनी के निदेशक और वरिष्ठ अधिकारी कार्यालय बंद कर फरार हो गए।
जांच में सामने आया है कि नेकपाल सिंह, जो लखनऊ के मल थाना क्षेत्र के गगन गांव का रहने वाला है और बैजनाथ सिंह का बेटा है, कंपनी के लखनऊ स्थित आर स्क्वायर, विपुल खंड कार्यालय में सहयोगी के तौर पर काम करता था। आरोप है कि वह निवेशकों को कुछ ही महीनों में पैसा दोगुना करने का झांसा देकर निवेश के लिए प्रेरित करता था।
इस मामले में वर्ष 2020 में गोमती नगर थाने में आईपीसी की धारा 409 (आपराधिक विश्वासघात), 420 (ठगी), 467, 468, 471 (जालसाजी से जुड़ी धाराएं) और 120-बी (आपराधिक साजिश) के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी। शुरुआत में मामले की जांच जिला स्तर पर हुई, लेकिन घोटाले के बड़े पैमाने को देखते हुए सरकार के आदेश पर जांच ईओडब्ल्यू को सौंप दी गई।
पुलिस के अनुसार, केस दर्ज होने के बाद से ही नेकपाल फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने अपनी पहचान भी बदल ली थी। गिरफ्तारी के समय वह ‘हर्षित सिंह’ नाम से “विन-मोर” नाम की एक रियल एस्टेट कंपनी में काम कर रहा था। फिलहाल ईओडब्ल्यू आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।





