शिखर धवन ने कर दिया क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान, भावुक होकर ‘एक्स’ पर किया पोस्ट
शिखर धवन ने कर दिया क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान, भावुक होकर ‘एक्स’ पर किया पोस्ट
भारतीय क्रिकेट टीम के धुआँधार बल्लेबाज शिकार धवन ने शनिवार को बड़ा ऐलान कर दिया। धवन ने सुबह- सुबह सोशल मीडिया प्लाटफॉर्म ‘एक्स’ पर भावुक होकर एक पोस्ट में यह जानकारी दी और बताया कि वह इंटरनेशनल, डॉमेस्टिक क्रिकेट से संन्यास ले रहे हैं।
शिखर धवन ने अपने संन्यास का ऐलान करते हुए एक्स पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसके साथ उन्होंने लिखा, “मैं अपने क्रिकेट के सफर के इस अध्याय को समाप्त कर रहा हूं, मैं अपने साथ अनगिनत यादें और कृतज्ञता लेकर जा रहा हूं। प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद! जय हिंद!”
अपने इस वीडियो में धवन ने अपने सफर के लिए परिवार, दोस्तों, टीम इंडिया के साथियों, कोचेजस को शुक्रिया कहा है। उन्होंने कहा, “आज ऐसे एक मोड़ पर खड़ा हूं जहां से पीछे देखने पर सिर्फ यादें नजर आती हैं और आगे देखने पर पूरी एक दुनिया। मेरी एक ही मंजिल थी, इंडिया के लिए खेलना और वो हुआ भी जिसके लिए मैं कई लोगों का शुक्रगुजार हूं। सबसे पहले मेरी फैमिली, मेरे बचपन के दोस्त तारिक सिन्हा सर, मदन शर्मा, वो टीम जिसके साथ-साथ मैं सालों खेला।”
उन्होंने आगे कहा कि , “मुझे एक परिवार मिला, नाम मिला, साथ मिला, लेकिन कहते हैं न कि कहानी में आगे बढ़ने के लिए पन्ने पलटना जरूरी है और मैं ऐसा ही करने जा रहा हूं। मैं इंटरनेशनल और डॉमेस्टिक क्रिकेट से संन्यास का एलान करता हूं। इस समय मेरे दिल में सुकून है कि मैं इतने साल टीम इंडिया के लिए खेला। मैं शुक्रगुजार हूं बीसीसीआई, डीडीसीए का जिन्होंने मुझे मौका दिया। साथ में मेरे सारे फैंस का जिन्होंने मुझे इतना प्यार दिया।”
As I close this chapter of my cricketing journey, I carry with me countless memories and gratitude. Thank you for the love and support! Jai Hind! 🇮🇳 pic.twitter.com/QKxRH55Lgx
— Shikhar Dhawan (@SDhawan25) August 24, 2024
गौरतलब है कि मिस्टर आईसीसी के नाम से मशहूर शिखर धवन ने भारत के लिए 34 टेस्ट, 167 वनडे और 68 टी20 मुकाबले खेले जिसमें क्रमश: उन्होंने 2315, 6793 और 1759 रन बनाए। उनके नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में 24 शतक दर्ज हैं। धवन ने 17 सेंचुरी वनडे में तो 7 टेस्ट में लगाए। टी20 में उनके नाम भारत के लिए कोई शतक दर्ज नहीं है।
उन्होंने आईसीसी इवेंट में भारत के लिए कई महत्वपूर्ण पारियां खेली है। वह 2013 चैंपियंस ट्रॉफी के प्लेयर ऑफ द सीरीज थे, जब भारत इंग्लैंड को हराकर चैंपियन बना था।





