भारत

देशभर में शारदीय नवरात्रि की शुरुआत, पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं

देशभर में आज से शारदीय नवरात्रि की शुरुआत हो गई है। इस पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने अपने ‘एक्स’ हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा, “आप सभी को नवरात्रि की अनंत शुभकामनाएं। साहस, संयम और संकल्प के भक्ति-भाव से भरा यह पावन पर्व हर किसी के जीवन में नई शक्ति और नया विश्वास लेकर आए। जय माता दी!”


प्रधानमंत्री ने बताया कि नवरात्रि के पहले दिन मां शैलपुत्री की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। उन्होंने कामना की कि माता के स्नेह और आशीर्वाद से हर किसी का जीवन सौभाग्य और आरोग्य से परिपूर्ण रहे।

पीएम मोदी ने कहा कि इस बार नवरात्रि का अवसर विशेष है, क्योंकि यह ‘जीएसटी बचत उत्सव’ और ‘स्वदेशी के मंत्र’ के साथ एक नई ऊर्जा लेकर आया है। उन्होंने देशवासियों से विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प की सिद्धि के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान भी किया।


प्रधानमंत्री ने नवरात्रि की भक्ति को संगीत के माध्यम से व्यक्त करने वालों की सराहना करते हुए पंडित जसराज जी द्वारा रचित एक भावपूर्ण गायन भी साझा किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने पसंदीदा भजन उनके साथ साझा करें, जिनमें से कुछ को वह आने वाले दिनों में पोस्ट करेंगे।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button