नूंह में दो दिन में दूसरा पाकिस्तानी जासूस गिरफ्तार, सैन्य गतिविधियों की जानकारी पाकिस्तान भेजने का आरोप

हरियाणा के नूंह जिले में दो दिन के भीतर दूसरा पाकिस्तानी जासूस पकड़ा गया है। ताजा मामला तावडू थाना क्षेत्र के गांव कांगरका का है, जहां से पुलिस ने मोहम्मद तारीफ नाम के युवक को गिरफ्तार किया है। उस पर भारत की सैन्य गतिविधियों से जुड़ी गुप्त जानकारी पाकिस्तान भेजने का आरोप है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि तारीफ पाकिस्तान उच्चायोग, दिल्ली में तैनात पाकिस्तानी नागरिक आसिफ बलोच के संपर्क में था। वह उसे समय-समय पर भारत की सैन्य गतिविधियों और खुफिया जानकारियां भेजता था। इसके बदले उसे पैसे भी मिलते थे। बाद में आसिफ के तबादले के बाद तारीफ की मुलाकात उच्चायोग के एक और कर्मचारी जाफर से हुई, जिसे भी वह संवेदनशील जानकारी भेजता रहा।
पुलिस जांच के दौरान तारीफ के मोबाइल से पाकिस्तान के नंबरों से हुई व्हाट्सएप चैट्स, तस्वीरें और वीडियो मिले हैं। इनमें सैन्य ठिकानों और गतिविधियों से जुड़ी जानकारियां थीं। आरोपी दो अलग-अलग सिम कार्ड के जरिए पाकिस्तान से संपर्क में था। फोन से कुछ डाटा डिलीट भी मिला है, जिसकी तकनीकी जांच की जा रही है।
नूंह पुलिस ने आरोपी मोहम्मद तारीफ के खिलाफ भारतीय दंड संहिता, ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट 1923 और देशद्रोह से जुड़ी धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने इस मामले में पाकिस्तान उच्चायोग के दोनों कर्मचारियों — आसिफ बलोच और जाफर — को भी नामजद किया है।
गौरतलब है कि इसी जिले से दो दिन पहले अरमान नाम के युवक को भी पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। वह 24-25 साल का है और भारतीय सेना के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान कुछ जानकारियां पाकिस्तान भेजने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने उसके पास से भी मोबाइल फोन जब्त किए हैं और फिलहाल वह हिरासत में है।





