विदेश

चीन में एससीओ समिट, भारत उठाएगा आतंकवाद के खिलाफ कड़ा मुद्दा

भारत चीन में होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन में सीमा पार आतंकवाद का मुद्दा जोर-शोर से उठाएगा। विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि भारत घोषणापत्र में आतंकवाद की कड़ी निंदा कराने के लिए सदस्य देशों और साझेदारों के साथ मिलकर काम कर रहा है। मंत्रालय का कहना है कि एससीओ की स्थापना का उद्देश्य आतंकवाद, अलगाववाद और उग्रवाद जैसी चुनौतियों से निपटना था, जो आज भी क्षेत्र के लिए खतरा बनी हुई हैं।

विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) तन्मय लाल ने बताया कि भारत इस दिशा में सक्रिय है और उम्मीद है कि आगामी शिखर सम्मेलन में आतंकवाद, खासकर सीमा पार आतंकवाद की निंदा दोहराई जाएगी। उन्होंने याद दिलाया कि भारत की अध्यक्षता में 2023 में जारी संयुक्त बयान में भी कट्टरपंथ, उग्रवाद और आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख अपनाया गया था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 अगस्त से 1 सितंबर तक जापान और चीन के चार दिवसीय दौरे पर रहेंगे। वह पहले जापान जाएंगे, जहां टोक्यो में प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा के साथ वार्षिक भारत-जापान शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। इसके बाद मोदी 31 अगस्त और 1 सितंबर को चीन के तियानजिन में होने वाले एससीओ शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे।

तियानजिन में होने वाली 25वीं एससीओ शिखर बैठक में भारत समेत 10 सदस्य देश हिस्सा लेंगे। इनमें बेलारूस, चीन, ईरान, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, पाकिस्तान, रूस, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान शामिल हैं। कार्यक्रम के तहत 31 अगस्त को स्वागत भोज और 1 सितंबर को मुख्य शिखर बैठक होगी। उम्मीद है कि इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी कुछ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button