मेरठ में सौरभ राजपूत हत्याकांड, पुलिस ने खोले राज

उत्तर प्रदेश के मेरठ में हुए सौरभ कुमार हत्याकांड से हर कोई वाकिफ है. इस हत्याकांड से देशभर में चिंता का माहौल है. वहीं इस हत्याकांड में एक के बाद एक कई खुलासे हो रहे हैं. कभी तंत्र-मंत्र तो कभी कभी लव एंगल, कभी हिरोइन बनने की चाह तो कभी पैसों के मोह का एंगल सामने आ रहा है.
मेरठ पुलिस ने बताया है कि 28 साल की मुस्कान रस्तोगी ने अपने बॉय फ़्रैंड साहिल शुक्ला के साथ मिलकर तीन मार्च को अपने पति सौरभ राजपूत की रात को हत्या कर दी थी. पुलिस ने एक प्रेसवार्ता कर बताया कि शव को एक ड्रम में डालकर कंक्रीट भर दिया गया था. पुलिस उस ड्रम को कब्ज़े में लेकर थाने ले आई और फिर कटर से ड्रम काटकर शव को बाहर निकाला गया.
SSP मेरठ आयुष विक्रम सिंह ने बुधवार को इस हत्याकांड के बारे में मीडिया को बताया, “सौरभ राजपूत को चार मार्च से देखा नहीं गया था. शक के आधार पर पत्नी मुस्कान और उनके प्रेमी साहिल शुक्ला को पूछताछ के लिए बुलाया गया था. पूछताछ में पता लगा कि साहिल ने मुस्कान के साथ मिलकर सौरभ की हत्या कर दी थी. हत्या के बाद शव का सिर, दोनों हाथों की हथेलियां काट कर एक ड्रम में डालकर उसे सीमेंट और रेत के घोल से भर दिया था. इसके बाद दोनों अभियुक्त घूमने के लिए शिमला, मनाली और कसौली चले गए.”
मेरठ के ब्रह्मपुरी इलाक़े के रहने वाले सौरभ राजपूत ने साल 2016 में घर से थोड़ी दूर ही रहने वाली मुस्कान रस्तोगी के साथ प्रेम विवाह किया था.
दोनों की शादी परिवार के विरोध के बावजूद हुई थी. साल 2019 में मुस्कान ने एक बेटी को जन्म दिया.
पुलिस के अनुसार, शव छिपाने के बाद मुस्कान ने अपनी बेटी को माँ के पास छोड़ा और वो साहिल के साथ घूमने चली गई.
पुलिस का कहना है कि शादी के बाद से ही सौरभ को उसके परिजनों ने बेदख़ल कर दिया था और उससे बहुत संपर्क नहीं रखा था. इसीलिए यह बात कई दिनों तक पता नहीं चल सकी. 17 मार्च को जब मुस्कान लौटी तो उसकी छह वर्षीय बेटी ने पिता सौरभ के बारे में पूछा. इस पर मुस्कान भावुक हो गई. वह अपने मायके पहुंची और सौरभ की हत्या का इल्ज़ाम अपने ससुराल पक्ष पर लगाने लगी, हालांकि मुस्कान के परिजनों को भरोसा नहीं हुआ तो वे उसे ख़ुद थाने ले गए.
पूछताछ में मुस्कान ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया जिसके बाद ड्रम बरामद किया गया.
If you want to fact-check any story, WhatsApp it now on +91 11 7127 9799 or Click Here





