संजय दत्त की ‘आखिरी सवाल’ का ऐलान, दमदार स्टारकास्ट के साथ आएगी फिल्म

बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त इन दिनों अपनी फिल्म ‘धुरंधर 2’ को लेकर चर्चा में हैं। इसी बीच उनकी एक और नई फिल्म ‘आखिरी सवाल’ का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है, जिसमें वह मुख्य भूमिका निभाते नजर आएंगे।
View this post on Instagram
कब रिलीज होगी ‘आखिरी सवाल’?
फिल्म के मेकर्स ने इसकी रिलीज डेट भी घोषित कर दी है। ‘आखिरी सवाल’ 15 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस फिल्म का निर्देशन नेशनल अवॉर्ड विजेता डायरेक्टर अभिजीत मोहन वारंग ने किया है, जबकि इसकी कहानी और स्क्रिप्ट उत्कर्ष नैथानी ने लिखी है।
फिल्म की स्टार कास्ट और कहानी
इस फिल्म में संजय दत्त के साथ अमित साध, नमाशी चक्रवर्ती, समीरा रेड्डी, नीतू चंद्रा और त्रिधा चौधरी जैसे कलाकार अहम किरदारों में नजर आएंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की कहानी राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) से जुड़ी पृष्ठभूमि पर आधारित हो सकती है। कहानी एक प्रोफेसर और एक रिसर्च स्कॉलर के इर्द-गिर्द घूमेगी।
बॉक्स ऑफिस पर होगा बड़ा मुकाबला
दिलचस्प बात यह है कि 15 मई को ही आयुष्मान खुराना की फिल्म ‘पति पत्नी और वो 2’ भी रिलीज हो रही है। इस फिल्म में उनके साथ सारा अली खान, वामिका गब्बी और रकुल प्रीत सिंह नजर आएंगी। पहले पार्ट की सफलता को देखते हुए यह फिल्म ‘आखिरी सवाल’ को बॉक्स ऑफिस पर कड़ी टक्कर दे सकती है।
‘केडी: द डेविल’ में भी दिखेंगे संजय दत्त
इसके अलावा संजय दत्त जल्द ही ध्रुव सरजा की फिल्म ‘केडी: द डेविल’ में भी नजर आएंगे। यह एक एक्शन-थ्रिलर फिल्म है, जो 30 अप्रैल 2026 को रिलीज होगी। फिल्म को कन्नड़, हिंदी, तमिल, तेलुगु और मलयालम भाषाओं में रिलीज किया जाएगा। इसमें शिल्पा शेट्टी और नोरा फतेही भी अहम भूमिकाओं में हैं।
फिलहाल, संजय दत्त के फैंस को उनकी आने वाली फिल्मों का बेसब्री से इंतजार है। ‘आखिरी सवाल’ से एक बार फिर वह दमदार अंदाज में पर्दे पर वापसी करने वाले हैं।





