संभल हिंसा को लेकर योगी सरकार का बड़ा एक्शन, चौराहों पर लगेंगे आरोपियों के पोस्टर, नुकसान की होगी वसूली

संभल हिंसा को लेकर योगी सरकार का बड़ा एक्शन, चौराहों पर लगेंगे आरोपियों के पोस्टर, नुकसान की होगी वसूली
यूपी के संभल जिले में शाही जामा मस्जिद के सर्वेक्षण के दौरान बड़ा बवाल देखने को मिला। इस दौरान पुलिस पर भारी मात्रा में पत्थरबाजी हुई वहीं कई सरकारी संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया गया है। इसी को लेकर योगी सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। योगी सरकार अब पत्थरबाजों और उपद्रवियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सभी की पहचान कर उनके पोस्टर सार्वजनिक रूप से लगाएगी। इसके साथ ही सरकारी सम्पत्तियों के नुकसान की वसूली उपद्रवियों से की जा सकती है।
उपद्रवियों और अपराधियों के खिलाफ नुकसान की वसूली और पोस्टर लगाने का अध्यादेश पहले ही जारी किया जा चुका है। यूपी के मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा, “योगी सरकार के तहत उत्तर प्रदेश में दंगा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राज्य सरकार इसके पीछे के लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। न्याय प्रदान करना हमारी सरकार की प्राथमिकता है… समाजवादी सरकार के कार्यकाल में ऐसा हुआ होगा कि पुलिस दोहरे हथियार रखती थी।”
मुरादाबाद कमिश्नर अनंजय कुमार सिंह ने संभल घटना पर प्रशासन की जांच पर बताया, “कल तक घटना में 3 नाबालिगों का नाम सामने आया है। नाबालिगों के साथ हम काउंसलिंग की चीजें ही कर रहे हैं। इसके अलावा अभी तक जिन 27 लोगों की गिरफ़्तारी हुई है, उनके संबंध में हम कोर्ट के जरिए कानूनी कार्यवाही पूरी कर रहे हैं…खतरनाक चाकू मिला है। हमें जो अवैध हथियार मिल रहे हैं, उनकी रिकवरी की जा रही है।” उन्होंने कहा, “मृतकों के परिजनों को आमंत्रित किया है। अगर वे एफआईआर दर्ज़ करेंगे तो हम एफआईआर दर्ज जरूर करेंगे। 4 लोगों का मारा जाना दुखद है।”
इस हिंसा को लेकर मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं। वहीं जिले की पुलिस ने जानकारी दी है कि इस हिंसा में शामिल 100 लोगों की पहचान की जा चुकी है और 27 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस ने बताया है कि मामले में दो महिलाओं को भी गिरफ्तार किया गया है।
बता दें कि संभल में हिंसा के दौरान चार लोगों की मौत हुई थी और कई पुलिसवाले समेत आम लोग घायल हुए थे। उपद्रवियों ने गाड़ियों में आग लगाने से लेकर जमकर पत्थरबाजी की थी। एक तरफ जहां अब हालात सामान्य हो रहे हैं तो अब दूसरी ओर योगी प्रशासन पत्थरबाजों और उपद्रवियों की तलाश जारी है।





