विदेश

रूस का यूक्रेन पर अब तक का सबसे बड़ा हमला, 479 ड्रोन और 20 मिसाइलें दागी गईं

रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध एक बार फिर तेज हो गया है। यूक्रेन ने दावा किया है कि रूस ने हाल ही में युद्ध की शुरुआत के बाद से अब तक का सबसे बड़ा हमला किया है। जानकारी के मुताबिक, रविवार की रात रूस ने यूक्रेन पर भीषण बमबारी की और एक के बाद एक 479 ड्रोन लॉन्च किए।

यूक्रेनी वायु सेना के मुताबिक, रूस ने ड्रोन के साथ-साथ यूक्रेन के विभिन्न हिस्सों पर 20 मिसाइलें भी दागीं। इस हमले में यूक्रेन के मध्य और पश्चिमी क्षेत्रों को खासतौर पर निशाना बनाया गया। हालांकि, यूक्रेनी वायु रक्षा प्रणाली ने त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए 277 ड्रोन और 19 मिसाइलों को मार गिराने का दावा किया है। वायु सेना के अनुसार, सिर्फ 10 ड्रोन या मिसाइलें ही अपने लक्ष्य तक पहुंच सकीं। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

रूस की ओर से कहा गया है कि उसके हमलों का निशाना केवल सैन्य ठिकाने थे। लेकिन युद्ध के दौरान पहले भी रूस पर नागरिक इलाकों में हमला करने के आरोप लगते रहे हैं। गौरतलब है कि रूस आमतौर पर अपने हमले देर रात करता है, ताकि अंधेरे का फायदा उठाकर ड्रोन को बचाया जा सके। यूक्रेन का आरोप है कि बीते तीन वर्षों से रूस लगातार शाहेड ड्रोन के जरिए उसके नागरिक क्षेत्रों को निशाना बना रहा है।

संयुक्त राष्ट्र के आंकड़ों के मुताबिक, अब तक रूस-यूक्रेन युद्ध में 12,000 से अधिक यूक्रेनी नागरिकों की जान जा चुकी है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button