राज्यसभा में नोटों की गड्डी मिलने से हंगामा, मामले पर अभिषेक मनु सिंघवी का आया रिएक्शन

राज्यसभा में नोटों की गड्डी मिलने के मामले में सदन में हंगामा मच गया. दावा किया जा रहा है कि यह नोट कांग्रेस सांसद अभिषेक मनु सिंघवी की सीट से बरामद किया गया है. वहीं इसपर सांसद अभिषेक मनु सिंघवी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, अभी तक इसके बारे में कभी नहीं सुना. मैं जब भी राज्यसभा जाता हूं तो 500 रुपए का एक नोट साथ लेकर जाता हूं. मैंने इसके बारे में पहली बार सुना. मैं 12:57 बजे सदन पहुंचा और सदन 1 बजे उठा, फिर मैं 1:30 बजे तक कैंटीन में बैठा और फिर संसद से चला गया.
#WATCH दिल्ली: कांग्रेस सांसद और अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा, “मैं इस बारे में सुनकर ही हैरान हूं। मैंने इसके बारे में कभी नहीं सुना। मैं कल दोपहर 12.57 बजे सदन के अंदर पहुंचा। सदन से दोपहर 1 बजे उठा। दोपहर 1 से 1:30 बजे तक मैं अयोध्या प्रसाद के साथ कैंटीन में बैठा और लंच… https://t.co/2cinwWpS8f pic.twitter.com/zbDlXKPDcd
— ANI_HindiNews (@AHindinews) December 6, 2024
कांग्रेस सांसद और अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने आगे कहा, “कल मैं सदन में कुल 3 मिनट और कैंटीन में 30 मिनट रहा. मुझे यह अजीब लगता है कि ऐसे मुद्दों पर भी राजनीति की जाती है. बेशक इस बात की जांच होनी चाहिए कि लोग कैसे कहीं भी किसी भी सीट पर कुछ भी रख सकते हैं. इसका मतलब है कि हममें से हर किसी के पास एक सीट होनी चाहिए, जहां सीट को लॉक किया जा सके और चाबी सांसद अपने साथ ले जा सकें, क्योंकि फिर हर कोई सीट पर बैठकर कुछ भी कर सकता है और इस बारे में आरोप लगा सकता है. अगर यह दुखद और गंभीर नहीं होता तो यह हास्यास्पद होता…”
बता दें कि आज राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने कहा, “मैं सदस्यों को सूचित करना चाहता हूं कि कल सदन की कार्यवाही स्थगित होने के बाद सदन की नियमित जांच के दौरान, सुरक्षा अधिकारियों ने सीट संख्या 222 से नोटों की एक गड्डी बरामद की, जो वर्तमान में तेलंगाना राज्य से निर्वाचित अभिषेक मनु सिंघवी को आवंटित है. यह मामला मेरे संज्ञान में लाया गया था, और मैंने सुनिश्चित किया कि जांच हो और यह जांच चल रही है.”
वहीं राज्यसभा के विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा है “मैं निवेदन करता हूं कि जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती और घटना की प्रामाणिकता स्थापित नहीं हो जाती, तब तक किसी सदस्य का नाम उजागर नहीं किया जाना चाहिए…”





