मनोरंजन

हिंदी सिनेमा में फिर लौट सकती हैं रोमांटिक फिल्में, जोया अख्तर ने बताई वजह

फिल्म निर्माता-निर्देशक ज़ोया अख्तर का मानना है कि आने वाले समय में हिंदी सिनेमा में रोमांटिक फिल्मों की वापसी हो सकती है। उनका कहना है कि फिल्मों की कहानियों और ट्रेंड का एक चक्र होता है, जो समय के साथ बदलता रहता है और फिर से वापस भी आता है।

जोया अख्तर के मुताबिक, किसी भी जॉनर की फिल्में एक समय के बाद बहुत ज्यादा बनती हैं, जिससे दर्शकों को उनसे थोड़ी थकान होने लगती है। लेकिन कुछ समय बाद वही जॉनर फिर से नए अंदाज में दर्शकों को आकर्षित करने लगता है। इसी वजह से उन्हें लगता है कि लव स्टोरी वाली फिल्में भी जल्द फिर से लोकप्रिय हो सकती हैं।

स्क्रिप्ट लिखने का अलग तरीका

जोया अख्तर ने यह बातें व्हिसलिंग वुड्स इंटरनेशनल में आयोजित एक स्क्रिप्ट राइटिंग वर्कशॉप के दौरान कहीं। यह वर्कशॉप स्क्रीन राइटर्स एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित की गई थी।

इस दौरान उन्होंने बताया कि वह कहानी लिखते समय ट्रेंड को ध्यान में रखकर काम नहीं करतीं। उनके अनुसार, वह यह नहीं सोचतीं कि दर्शक इस समय क्या देखना चाहते हैं और उसी हिसाब से कहानी लिखें। उन्होंने कहा कि अगर पिछले 10–15 साल के सिनेमा को देखा जाए तो फिल्मों के ट्रेंड लगातार बदलते रहे हैं और आगे भी बदलते रहेंगे।

कई नए प्रोजेक्ट्स पर काम जारी

अपने आने वाले प्रोजेक्ट्स के बारे में बात करते हुए जोया अख्तर ने बताया कि फिलहाल फिल्म ‘दहाड़ 2’ की शूटिंग चल रही है, जिसे रीमा कागती डायरेक्ट कर रही हैं।

इसके अलावा वह अपने लिए दो नई स्क्रिप्ट लिख रही हैं। उन्होंने बताया कि रीमा कागती के लिए एक स्क्रिप्ट पहले ही पूरी हो चुकी है और उनकी टीम कई दूसरे निर्देशकों के साथ भी नई कहानियों पर काम कर रही है, ताकि उन्हें जल्द फिल्म के रूप में बनाया जा सके।

‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा’ के सीक्वल पर क्या बोलीं?

बातचीत के दौरान जोया अख्तर से उनकी सुपरहिट फिल्म ज़िंदगी न मिलेगी दोबारा के सीक्वल को लेकर भी सवाल पूछा गया।

इस पर उन्होंने कहा कि फिलहाल इस बारे में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। अगर कभी इस फिल्म का सीक्वल बनाने का फैसला लिया जाता है, तो इसकी जानकारी सही समय पर सार्वजनिक रूप से दी जाएगी।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button