चुनाव से पहले RJD का एक्शन मोड, दो विधायकों समेत 27 नेताओं को बाहर का रास्ता

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने सोमवार को बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए 27 नेताओं को पार्टी से निकाल दिया है। इन सभी पर आरोप है कि उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी की विचारधारा के खिलाफ जाकर संगठन को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों में हिस्सा लिया।
प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल द्वारा जारी आधिकारिक बयान में कहा गया कि इन नेताओं को प्राथमिक सदस्यता से भी निलंबित किया गया है। जांच में पाया गया कि ये लोग RJD या महागठबंधन के आधिकारिक उम्मीदवारों के खिलाफ सक्रिय रूप से काम कर रहे थे। निकाले गए नेताओं में दो मौजूदा विधायक — छोटे लाल राय (परसा) और मोहम्मद कामरान (गोविंदपुर) शामिल हैं। इनके अलावा चार पूर्व विधायक — राम प्रकाश महतो, अनिल साहनी, सरोज यादव और अनिल यादव — तथा पूर्व MLC गणेश भारती को भी सस्पेंड किया गया है।
अन्य प्रमुख नामों में रितु जायसवाल, अक्षय लाल यादव, राम सखा महतो, अवनीश कुमार, भगत यादव, मुकेश यादव, संजय राय, कुमार गौरव और राजीव कुशवाहा शामिल हैं। एक वरिष्ठ RJD नेता ने प्रतिक्रिया में कहा कि इन सभी नेताओं को इसलिए बाहर किया गया, क्योंकि ये INDIA ब्लॉक और RJD द्वारा घोषित आधिकारिक उम्मीदवारों के खिलाफ चुनावी गतिविधियों में लगे हुए थे।
गौरतलब है कि बिहार विधानसभा की 243 सीटों पर चुनाव दो चरणों में — 6 और 11 नवंबर — को होंगे। नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।





