ऋषभ पंत ने जड़ा शानदार शतक, तोड़ा एमएस धोनी का रिकॉर्ड

भारत और इंग्लैंड के बीच हेडिंग्ले, लीड्स में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन ऋषभ पंत ने अपनी शानदार फॉर्म को जारी रखते हुए एक जबरदस्त शतक लगाया। पंत ने दिन की पहली ही सेशन में शतक पूरा किया और शोएब बशीर की गेंद पर छक्का लगाकर यह उपलब्धि हासिल की। शतक पूरा करते ही उन्होंने खुशी में एक शानदार समरसॉल्ट भी किया।
यह टेस्ट क्रिकेट में पंत का सातवां शतक था और इसी के साथ उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया। धोनी ने अपने करियर में 90 टेस्ट मैचों में 6 शतक लगाए थे, जबकि पंत ने यह कारनामा महज आधे मैचों में ही कर दिखाया है। इस रिकॉर्ड के साथ पंत अब भारत के लिए सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज़ बन गए हैं।
दूसरे दिन की शुरुआत से ही पंत ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाज़ी की। उन्हें जैसे ही मौका मिला, उन्होंने इंग्लिश गेंदबाज़ों पर हमला बोल दिया। पंत ने 146 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जिसमें 10 चौके और 4 छक्के शामिल थे।
पहले दिन पंत ने एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया था, जब उन्होंने 3000 टेस्ट रन पूरे किए। वह विकेटकीपर-बल्लेबाज़ के रूप में यह मुकाम हासिल करने वाले दूसरे सबसे तेज़ खिलाड़ी बन गए हैं। इस सूची में पहले नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज एडम गिलक्रिस्ट हैं।
इस टेस्ट मैच में भारत की स्थिति अब बेहद मजबूत हो गई है। पंत के अलावा शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल ने भी शतक जड़े हैं। खबर लिखे जाने तक शुभमन गिल और ऋषभ पंत क्रीज़ पर डटे हुए हैं और भारत को बड़ी बढ़त दिलाने की ओर बढ़ रहे हैं।





