ऊर्जा संकट में राहत की खबर, भारत की ओर बढ़ा सातवां LPG टैंकर ग्रीन सान्वी

भारत के लिए राहत भरी खबर है। ‘ग्रीन सान्वी’ नाम का सातवां भारतीय LPG टैंकर अब देश की ओर लौटना शुरू हो गया है। यह कदम ऐसे समय पर आया है जब होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव के कारण ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हो रही थी। यह टैंकर उन भारतीय जहाजों में शामिल था, जो पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के चलते फारस की खाड़ी में फंसे हुए थे। अब हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं और जहाजों को सुरक्षित रास्ता देने के प्रयास किए जा रहे हैं।
ग्रीन सान्वी भारत लौटने वाला सातवां टैंकर है। इससे पहले भी कुछ जहाज सुरक्षित रूप से इस अहम समुद्री रास्ते को पार कर चुके हैं, जिससे सप्लाई को लेकर चिंता थोड़ी कम हुई है। हालांकि, अभी भी कई जहाज होरमुज जलडमरूमध्य के पश्चिमी हिस्से में फंसे हुए हैं, जिससे साफ है कि स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हुई है।
भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा LPG आयात के जरिए पूरा करता है। ऐसे में इस रास्ते में रुकावट आने से देश में गैस की सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ गई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहले कई भारतीय जहाज खाड़ी क्षेत्र में फंसे थे, जिससे सप्लाई में देरी हुई और देश के बंदरगाहों तक कम जहाज पहुंच पाए।
अब ग्रीन सान्वी जैसे जहाजों की वापसी से उम्मीद की जा रही है कि आने वाले दिनों में LPG की उपलब्धता बेहतर होगी और सप्लाई सिस्टम सुचारू रूप से चल सकेगा।





