भारत

लाल किला धमाका केस: NIA ने एक और संदिग्ध को दबोचा, जांच में बड़ा मोड़

दिल्ली के लाल किले के पास हुए कार बम धमाके की जांच में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को एक और बड़ी सफलता मिली है। एजेंसी ने फरीदाबाद के धौज इलाके से शोएब नाम के एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि शोएब ने धमाके से ठीक पहले मुख्य आतंकी उमर नबी को न केवल पनाह दी, बल्कि उसे हर तरह का लॉजिस्टिक सपोर्ट भी उपलब्ध कराया। इस गिरफ्तारी के साथ ही मामले में कुल आरोपियों की संख्या बढ़कर सात हो गई है।

सूत्रों के मुताबिक, शोएब को पहले भी पूछताछ के लिए बुलाया गया था, लेकिन तब कोई ठोस सबूत न मिलने पर उसे छोड़ दिया गया था। हालांकि, नए खुलासों और सामने आई जानकारी के बाद उसे दोबारा बुलाकर गिरफ्तार किया गया। जांच में यह भी सामने आया है कि शोएब ही आतंकी डॉक्टर उमर को मेवात और नूंह के इलाकों तक लेकर गया था, जहां उमर कुछ दिनों तक शोएब की बहन के घर में रुका था।

गिरफ्तारी तब और महत्वपूर्ण हो गई जब एक अन्य आरोपी, डॉक्टर मुज्जमिल, ने पूछताछ के दौरान शोएब का नाम उजागर किया। उसकी निशानदेही पर NIA ने शोएब के घर से एक ग्राइंडर और कई अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद की है। जांचकर्ताओं का मानना है कि इन चीजों का इस्तेमाल बम बनाने या अन्य आतंकी गतिविधियों में किया गया हो सकता है।
वर्तमान में NIA शोएब से लगातार पूछताछ कर रही है ताकि आतंकी मॉड्यूल के बाकी सदस्यों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा सके।

दिल्ली के लाल किले मेट्रो स्टेशन के पास 10 नवंबर 2025 को एक कार में हुए धमाके में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है। इस घटना ने पूरे देश को हिला दिया था, जिसके तुरंत बाद NIA ने जांच संभाल ली थी।
जांच में लगातार यह तथ्य सामने आता रहा है कि मुख्य आरोपी उमर नबी को फरीदाबाद में शोएब ने छिपाया था और उसके पूरे ठिकाने और मूवमेंट में मदद की थी।

इस मामले में NIA पहले ही उमर नबी के छह करीबी सहयोगियों को गिरफ्तार कर चुकी है। शोएब की गिरफ्तारी सातवीं है। इन गिरफ्तारियों के जरिए एजेंसी आतंकी मॉड्यूल की कार्यप्रणाली, आपसी कनेक्शन और बड़े नेटवर्क की मौजूदगी की जांच कर रही है।

जांच एजेंसी अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस हमले के पीछे कोई बड़ी आतंकी साजिश काम कर रही थी और इसमें और कौन-कौन शामिल हो सकता है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button