‘अमेरिका में अब योग्यता आधारित भर्ती’: अमेरिकी कांग्रेस को संबोधित करते हुए बोले ट्रम्प

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आज कांग्रेस के संयुक्त सत्र को संबोधित कर रहे हैं. व्हाइट हाउस में वापसी के बाद ट्रंप का यह पहला ऐसा संबोधन है- ऐसे समय में जब उनका प्रशासन संघीय सरकार को नया रूप देने, अमेरिका में अवैध अप्रवासियों को लक्षित करने और सहयोगियों के साथ राजनयिक संबंधों को बदलने की कोशिश कर रहा है.
हालांकि इस संबोधन को स्टेट ऑफ द यूनिय नहीं कहा जाता है क्योंकि स्टेट ऑफ द यूनियन संबोधन पिछले वर्ष की झलक दिखाता है. बता दें कि डोनाल्ड ट्रम्प ने 20 जनवरी को व्हाइट हाउस में अपना दूसरा कार्यकाल शुरू किया था, इसलिए इस भाषण को आधिकारिक तौर पर स्टेट ऑफ द यूनियनन नहीं कहा गया है.
संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा, “6 सप्ताह पहले, मैं इस कैपिटल के गुंबद के नीचे खड़ा था और अमेरिका के स्वर्ण युग की घोषणा की थी. उस क्षण से, हमारे देश के इतिहास में महान और सबसे सफल युग को सुनिश्चित करने के लिए केवल तेज़ और अथक कार्रवाई की गई है…हमने 43 दिनों में इतना कुछ हासिल किया है जितना कि अधिकांश प्रशासनों ने 4 या 8 वर्षों में हासिल किया है और हम अभी शुरुआत कर रहे हैं. हमारा उत्साह, गौरव और आत्मविश्वास वापस आ गया है…”
संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा, “पद की शपथ लेने के कुछ ही घंटों के भीतर, मैंने हमारी दक्षिणी सीमा पर राष्ट्रीय आपातकाल की घोषणा कर दी. मैंने हमारे देश पर आक्रमण को रोकने के लिए अमेरिकी सेना और सीमा गश्ती दल को तैनात किया और उन्होंने क्या शानदार काम किया है! नतीजतन, पिछले महीने अवैध सीमा पार करने की घटनाएं अब तक की सबसे कम रिकॉर्ड की गईं… इसकी तुलना में, अमेरिकी इतिहास के सबसे खराब राष्ट्रपति जो बाइडेन के कार्यकाल में हर महीने सैकड़ों हज़ारों अवैध क्रॉसिंग होती थीं…”
ट्रंप के संबोधन की बड़ी बातें
- “हमने 43 दिनों में वो किया जो पिछली सरकारों ने 4 सालों या 8 सालों में नहीं किया”
- “हमारी आत्मा वापस आ गई है, हमारा गौरव वापस आ गया है, हमारा आत्मविश्वास वापस आ गया है, और अमेरिकी सपना पहले से कहीं अधिक बड़ा और बेहतर हो रहा है.”
- हमने दक्षिणी बॉर्डर पर राष्ट्रीय आपातकाल की घोषणा की और देश पर आक्रमण को विफल करने के लिए अमेरिकी सेना और सीमा गश्ती दल को तैनात किया. बाइडेन अमेरिकी इतिहास में सबसे खराब राष्ट्रपति” थे और तब एक महीने में सैकड़ों हजारों अवैध क्रॉसिंग होती थीं.
- ट्रंप ने दावा किया है कि उन्होंने अमेरिका को “अनुचित” पेरिस जलवायु समझौते, “भ्रष्ट” विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) और “अमेरिका विरोधी” संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद से वापस ले लिया है.
- ट्रंप ने कहा है कि उन्होंने पद संभालने के बाद से सभी संघीय भर्तियों (केंद्र सरकार में भर्ती) पर तत्काल रोक लगा दी है. साथ ही सभी नए संघीय नियमों और सभी विदेशी सहायता पर भी रोक लगा दी है.
- ट्रंप ने अंडों की कीमत को “नियंत्रण से बाहर” होने देने के लिए बाइडेन को दोषी ठहराया.
- डोनाल्ड ट्रंप ने नए दक्षता विभाग DOGE और उसको लीड कर रहे अरबपति एलोन मस्क की मौजूदगी का जिक्र किया. उन्हें शुक्रिया कहा और दावा किया कि मस्क बहुत मेहनत कर रहे हैं.
- ट्रंप ने कहा कि वह 5 मिलियन डॉलर में अमेरिकी नागरिकता देने के लिए “गोल्ड कार्ड” वीज़ा प्रणाली शुरू करेंगे. उन्होंने कहा, “यह ग्रीन कार्ड की तरह है, लेकिन बेहतर और अधिक सोफिस्टिकेटेड है.”
- ट्रंप ने भारत समेत दूसरे देशों से कहा कि यदि आप अपना प्रोडक्ट अमेरिका में नहीं बनाते हैं तो आपको टैरिफ देना होगा. भारत का नाम भी लेते हुए उन्होंने कहा कि अन्य देश अमेरिका से “काफी अधिक” टैरिफ वसूलते हैं. “यह बहुत अनुचित है.” उन्होंने कहा कि अब अमेरिका की बारी है. अमेरिका अब 2 अप्रैल से काउंटर टैरिफ लगाएगा. ”वे हम पर जो भी टैरिफ लगाएंगे, हम उन पर उतना टैरिफ लगाएंगे.”
- ट्रंप ने कहा है कि उन्होंने विदेशी एल्यूमीनियम, तांबा, लकड़ी और स्टील पर 25% टैरिफ लगाया है. “ये टैरिफ सिर्फ अमेरिकी नौकरियों को नहीं बचाएगा, बल्कि देश की आत्मा को भी बचाएगा.”





