RBI ने नहीं दिया रक्षाबंधन का तोहफा, EMI में राहत नहीं, रेपो रेट 5.5% पर बरकरार

रक्षाबंधन पर RBI से उम्मीदें लगाए लोगों के लिए बुरी खबर है, क्योंकि आरबीआई ने रेपो दर को 5.5% पर अपरिवर्तित रखने का फैसला किया है. यानी ब्याज दर में कोई बदलाव नहीं नहीं किया गया है. इस फैसले के चलते अब EMI में और राहत नहीं मिल सकेगी. RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा की अगुआई में मौद्रिक नीति समिति (MPC) ने आज ब्याज दरों पर फैसला लिया.
आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने कहा कि मौद्रिक नीति समिति (MPC) ने सर्वसम्मति से पॉलिसी रेपो रेट को अपरिवर्तित रखने का निर्णय लिया है, जबकि इस वर्ष की शुरुआत में 100 बेसिस प्वाइंट की कटौती की गई थी. उन्होंने आगे कहा कि महंगाई में और वृद्धि होने की संभावना है.
क्या होता है रेपो रेट?
रेपो रेट वह दर होती है जिस पर बैंकों को उनकी जरूरत पड़ने पर RBI से कर्ज मिलता है. अगर रेपो रेट घटती है तो बैंकों को सस्ते में कर्ज मिलता है और वो ग्राहकों को भी सस्ती ब्याज दरों पर लोन दे पाते हैं. लेकिन इस बार रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं हुआ, इसलिए EMI में तुरंत राहत की उम्मीद नहीं है.
6.5% ग्रोथ रेट का अनुमान
आरबीआई ने वित्त वर्ष 2026 के लिए भारत की वास्तविक जीडीपी में किसी तरह की परिवर्तन किए बिना इसके 6.5 प्रतिशत बने रहने का अनुमान दोहराया है. इसके साथ ही, आरबीआई ने पूरे साल के तिमाही वार अनुमान इस तरह से जारी किए- क्वार्टर 1 में 6.5 प्रतिशत, क्वार्टर 2 में 6.7 प्रतिशत, क्वार्टर 3 में 6.6 प्रतिशत और क्वार्टर 4 में 6.3 प्रतिशत.
इससे पहले, आरबीआई ने इस साल फरवरी में 25 बेसिस प्वाइंट की कटौती की थी, जो पिछले पांच वर्षों में पहली राहत थी. इसके बाद रेपो रेट 6.25% हो गया था. फिर अप्रैल में 25 बेसिस प्वाइंट की और कटौती की गई. इसके बाद जून में केंद्रीय बैंक ने अप्रत्याशित रूप से 50 बेसिस प्वाइंट की कटौती की, जिससे रेपो रेट घटकर 5.5% रह गया.
If you want to fact-check any story, WhatsApp it now on +91 11 7127 9799 or Click Here





