मनोरंजन

हिंदू देवी काली की छवि दिखाने पर रैपर टॉमी जेनेसिस विवादों में, सोशल मीडिया पर उठी आलोचना

भारतीय मूल की कनाडाई रैपर टॉमी जेनेसिस अपने नए म्यूजिक वीडियो ‘True Blue’ को लेकर विवादों में घिर गई हैं। वीडियो में टॉमी सुनहरे रंग की बिकिनी पहने और पूरे शरीर पर नीला रंग लगाए नजर आ रही हैं। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इस लुक को हिंदू देवी काली की तरह बताया और इसे धार्मिक भावनाओं का अपमान करार दिया।

टॉमी जेनेसिस का असली नाम यास्मीन मोहनराज है। वह कनाडा के वैंकूवर में पैदा हुईं और पली-बढ़ीं। उनके पिता दक्षिण भारत के तमिल-मलयाली ईसाई हैं और मां स्वीडन से हैं। टॉमी एक ईसाई परिवार में बड़ी हुईं, लेकिन उन्होंने कई बार अपने दक्षिण भारतीय और एशियाई मूल को अपनाने की बात कही है।

टॉमी ने एमिली कार यूनिवर्सिटी ऑफ आर्ट एंड डिजाइन से फिल्म और स्कल्पचर (मूर्तिकला) की पढ़ाई की है। पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने म्यूजिक बनाना शुरू किया। साल 2013 में उनका पहला मिक्सटेप ‘World Vision’ आया, जिसके बाद 2018 में उन्होंने अपना पहला एल्बम ‘Tommy Genesis’ रिलीज किया। उनका गाना ‘100 Bad’ पॉप सिंगर चार्ली एक्ससीएक्स के रीमिक्स के बाद काफी चर्चित हुआ।

टॉमी ने अब तक लाना डेल रे और चार्ली एक्ससीएक्स जैसे नामी कलाकारों के साथ काम किया है। वह केल्विन क्लीन के फैशन कैंपेन और मर्सिडीज बेंज फैशन वीक में तमिल मूल की कलाकार एम.आई.ए. के साथ भी नजर आ चुकी हैं। हालांकि True Blue वीडियो को लेकर अब उन्हें सोशल मीडिया पर कड़ी आलोचना झेलनी पड़ रही है। वीडियो में हिंदू और ईसाई धार्मिक प्रतीकों के इस्तेमाल को कई यूजर्स ने असंवेदनशील और अपमानजनक बताया है।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए टॉमी ने Office Magazine से बातचीत में कहा, “अगर आपको पसंद है तो अच्छा है, और अगर नहीं है तो ठीक है। ये आपके लिए नहीं भी हो सकता—आपकी सोच, आपकी जिंदगी की स्थिति या आपके विश्वासों के कारण।”

टॉमी की इस सफाई के बावजूद विवाद थमा नहीं है और लोग सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं से खेलने को लेकर नाराजगी जता रहे हैं। यह मामला एक बार फिर यह सवाल खड़ा करता है कि क्या रचनात्मक स्वतंत्रता के नाम पर धार्मिक प्रतीकों का ऐसा इस्तेमाल ठीक है?

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button