त्योहार पर दिल्ली में आफत की बारिश, जलमग्न हुई राजधानी

रक्षा बंधन की सुबह दिल्ली-एनसीआर के लिए एक नई चुनौकी लेकर आई, क्योंकि भारी बारिश और जलभराव ने लोगों की उम्मीदों को भी जलमग्न कर दिया. दिल्ली-एनसीआर समेत कई इलाकों में देर रात से हुई काफी तेज बारिश के चलते जलभराव हो गया और लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया. ऐसे में त्योहार के लिए घर से निकलने वाले लोगों के लिए यह चुनौती का पल हो गया.
शनिवार सुबह दिल्ली में भारी बारिश हुई, जिसका असर शास्त्री भवन, आर.के. पुरम, मोती बाग और किदवई नगर जैसे इलाकों पर पड़ा. हल्की बारिश के बाद मथुरा रोड पर जलभराव हो गया, जबकि भारत मंडपम का गेट नंबर 7 सुबह-सुबह हुई बारिश के कारण पानी से भर गया.
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार के लिए “आँधी और बारिश” का पूर्वानुमान लगाया है, जिसमें अधिकतम तापमान 33°C और न्यूनतम 25°C रहने का अनुमान है.
आईजीआई हवाई अड्डे ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे उड़ानों में देरी के बारे में अपनी-अपनी एयरलाइन कंपनियों से संपर्क करें. दिल्ली के आईजीआई हवाई अड्डे की ओर से जारी एक परामर्श में कहा गया है, “आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली में मौसम खराब है. हालाँकि, परिचालन फिलहाल सामान्य है.”
कई इलाकों में भारी जलभराव
दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में तेज बारिश के बाद कई इलाकों में भारी जलभराव देखा जा रहा है. कई अंडरपास तो पूरी तरह से पानी में समा गए हैं. यही वजह है कि ट्रैफिक जाम की खबरें भी सुबह से ही सामने आने लगी हैं. जलभराव की स्थिति में लोगों को पूरी तरह से सतर्क रहने की सलाह दी गई है. ट्रैफिक की ये समस्या दोपहर में और भी ज्यादा बढ़ सकती है, क्योंकि ज्यादातर लोग 10 या 11 बजे के बाद ही घर से निकलते हैं. दिल्ली बॉर्डर पर अभी से भयंकर जाम की खबरें सामने आने लगी हैं.
#WATCH दिल्ली: भारी बारिश के कारण राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में जलभराव देखने को मिला। वीडियो मोती बाग मेट्रो स्टेशन के पास का है। pic.twitter.com/HIXjhFq0wq
— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 9, 2025





