एडिलेड वनडे से पहले बारिश का खतरा, पिच सुखाने के लिए पहली बार UV टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच एडिलेड ओवल में होने वाले दूसरे वनडे से पहले लगातार बारिश की आशंका ने मैच रोकने का खतरा खड़ा कर दिया है। इसी वजह से ग्राउंड स्टाफ ने इस बार एक अनोखा तरीका अपनाया — UV (अल्ट्रावायलेट) ड्राइंग टेक्नोलॉजी की मदद से पिच सुखाने की कोशिश की गई। पहला वनडे पर्थ में बारिश के कारण सिर्फ 26 ओवर का कर दिया गया था, इसलिए आयोजक इस मैच में किसी तरह की बाधा नहीं चाहते।
एडिलेड में गुरुवार से पहले घने बादल और रुक-रुक कर हुई बारिश के चलते पिच को कवर कर दिया गया था। पिच में नमी और धीमे आउटफील्ड की आशंका को देखते हुए ग्राउंड पर UV ड्राइंग लैंप लगाए गए, जो पिच पर बाहर से गर्मी देकर उसे सुखा रहे थे। आयोजकों ने इसका वीडियो भी जारी किया, जिसमें कई UV लाइट्स एकसाथ पिच पर काम करती दिखीं।
उधर टीम इंडिया के रोहित शर्मा, विराट कोहली और श्रेयस अय्यर ने नेट्स में जमकर अभ्यास किया। पहले मैच में ये तीनों बल्लेबाज़ जल्दी आउट हो गए थे, इसलिए उन्होंने टाइमिंग और तकनीक पर खास ध्यान दिया। अब टीम मैनेजमेंट को प्लेइंग इलेवन और रणनीति को लेकर अहम निर्णय लेने होंगे।
UV टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल के बावजूद, एडिलेड का मौसम अभी भी अनिश्चित है। ऐसे में सभी की नजर इस बात पर होगी कि पिच कैसे व्यवहार करती है और क्या टीम इंडिया तेजी से हालात के हिसाब से ढल पाती है या नहीं। अब देखना यह होगा कि बारिश खेल बिगाड़ती है या भारत दूसरे वनडे में वापसी कर पाता है।





