EC के खिलाफ राहुल गांधी ने फोड़ा ‘हाइड्रोजन बम’: कहा – “एच फाइल्स” सिर्फ एक सीट नहीं, बल्कि वोट चोरी की राष्ट्रीय साजिश

नई दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हरियाणा विधानसभा चुनावों में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का आरोप लगाया. उन्होंने शुरुआत में गुरु नानक देव जी को नमन करते हुए कहा कि यह मुद्दा किसी एक सीट का नहीं, बल्कि पूरे देश के लोकतंत्र पर खतरा है.
राहुल गांधी ने कहा, “हम जो बता रहे हैं, वह 100 प्रतिशत सच है. ‘एच फाइल्स’ एक सीट की कहानी नहीं, बल्कि राज्यों में वोट चोरी की एक संगठित साजिश है.” उन्होंने बताया कि हरियाणा में पहली बार पोस्टल बैलट और असली वोटों के रुझान में भारी अंतर देखा गया. कांग्रेस के अनुसार, पोस्टल बैलट में पार्टी को 76 सीटों का लाभ मिल रहा था, जबकि बीजेपी को सिर्फ 17 सीटें मिलतीं. “पहले पोस्टल बैलट और असली वोटों का ट्रेंड लगभग समान होता था, लेकिन इस बार नतीजे पूरी तरह उलट गए,” राहुल ने कहा.
उन्होंने बताया कि कांग्रेस एग्जिट पोल और पोस्टल बैलट दोनों में आगे थी, लेकिन अंतिम नतीजों में पार्टी 22,779 वोटों से हार गई. “कुल मिलाकर एक लाख से अधिक वोटों का अंतर रहा — और हमारे पास इसके सबूत हैं,” राहुल गांधी ने दावा किया.
एग्जिट पोल और हरियाणा सरकार पर उठाए सवाल
राहुल गांधी ने हरियाणा के एग्जिट पोल का हवाला देते हुए कहा कि सभी सर्वेक्षणों में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत दिखाया गया था. उन्होंने कहा कि पार्टी ने चुनाव की पूरी तैयारी की थी, लेकिन परिणाम इसके विपरीत आए. “खुद मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा था कि उनके पास सारी व्यवस्था है और वे सरकार बनाएंगे. यह बयान अपने आप में बहुत कुछ कहता है,” उन्होंने जोड़ा.
25 लाख से ज्यादा वोटों में गड़बड़ी का दावा
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी ने एक महिला की तस्वीर दिखाते हुए कहा कि वह वोटर लिस्ट में अलग-अलग नामों और स्थानों पर कई बार दर्ज थी. “ब्राजील की एक मॉडल ने हरियाणा में 10 बूथों पर कुल 22 बार वोट डाला. उसके नाम सीमा, सरस्वती, स्वीटी, विमला जैसे अलग-अलग रूपों में दर्ज थे,” राहुल ने कहा.
#WATCH दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, “…हमारे पास स्पष्ट सबूत हैं कि 25 लाख मतदाता (हरियाणा में) फर्जी हैं, या तो वे मौजूद ही नहीं हैं या वे डुप्लिकेट हैं या किसी को वोट देने के लिए डिज़ाइन किए गए हैं…हरियाणा में हर 8 में से 1 मतदाता फर्जी है, जो 12.5% है…” pic.twitter.com/0qrArdbU23
— NewsMobile Samachar (@NewsMobileHindi) November 5, 2025
कांग्रेस नेता के मुताबिक, जांच में 25 लाख से अधिक वोटों में गड़बड़ी सामने आई है:
- डुप्लीकेट वोटर: 5,21,619
- गलत पते वाले वोटर: 93,174
- बल्क वोटर: 19,26,351
राहुल ने सवाल उठाया कि चुनाव आयोग बताए कि “कैसे एक ही व्यक्ति का नाम एक बूथ पर 223 बार दर्ज हो सकता है?” उन्होंने कहा कि पार्टी ने आयोग के सामने सभी सबूत पेश कर दिए हैं.
“यह Gen Z के भविष्य का सवाल है”
राहुल गांधी ने उदाहरण देते हुए कहा कि एक बीजेपी नेता ने पहले उत्तर प्रदेश के मथुरा में और फिर हरियाणा में वोट डाला. उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए खतरनाक बताते हुए कहा, “यह सिर्फ चुनाव की गड़बड़ी नहीं है, यह देश के युवाओं—खासकर Gen Z—के भविष्य से जुड़ा मुद्दा है.”
राहुल गांधी ने अंत में कहा कि कांग्रेस इस मामले को कानूनी और संवैधानिक रास्ते से आगे बढ़ाएगी ताकि जनता का वोट सुरक्षित रह सके.





