कॉरपोरेट दुनिया की कहानी दिखाएगी ‘रफ्तार’, सामने आई फिल्म की रिलीज डेट

अमेज़न एमजीएम स्टूडियो ने अपनी नई फिल्म रफ्तार का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। इस फिल्म में राजकुमार राव और कीर्ति सुरेश पहली बार एक साथ स्क्रीन पर नजर आएंगे। फिल्म को 24 जुलाई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना है।
नए निर्देशक करेंगे फिल्म का निर्देशन
‘रफ्तार’ का निर्देशन आदित्य निंबालकर कर रहे हैं, जो इस फिल्म के जरिए निर्देशन की दुनिया में कदम रख रहे हैं। फिल्म का निर्माण पत्रलेखा ने अपने प्रोडक्शन हाउस काम्पा फ़िल्म के तहत किया है।
स्टार्ट-अप की दुनिया पर आधारित कहानी
फिल्म की कहानी एक तेजी से बढ़ते स्टार्ट-अप माहौल के इर्द-गिर्द घूमती है। इसमें दिखाया जाएगा कि कैसे बड़ी महत्वाकांक्षाएं, पैसा और प्रतिस्पर्धा लोगों के रिश्तों को प्रभावित करते हैं। कहानी दो महत्वाकांक्षी लोगों के इर्द-गिर्द है, जिनके रिश्ते पर कॉरपोरेट दुनिया के दबाव और आधुनिक शिक्षा उद्योग की प्रतिस्पर्धा का असर पड़ता है। फिल्म में उनके जीवन के उतार-चढ़ाव और संघर्ष को दिखाया जाएगा।
मजबूत सपोर्टिंग कास्ट भी आएगी नजर
फिल्म में मुख्य कलाकारों के अलावा तान्या मानिकतला, रजत कपूर, अनुराग ठाकुर और रोहन वर्मा जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म की कहानी और स्क्रीनप्ले रोहन नरूला ने लिखा है। वहीं संगीत सचेत-परंपरा और अचिंत ठक्कर मिलकर तैयार कर रहे हैं। गीतों के बोल इरशाद कामिल और वरुण ग्रोवर ने लिखे हैं।
कीर्ति सुरेश की हिंदी सिनेमा में मजबूत एंट्री
इस फिल्म को कीर्ति सुरेश के लिए हिंदी सिनेमा में एक अहम कदम माना जा रहा है। इससे पहले वह हिंदी फिल्म बेबी जॉन में नजर आ चुकी हैं। फिलहाल, फिल्म को पहले सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा और उसके बाद इसे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाया जा सकता है।





