OTT पर इस दिन रिलीज होगी ‘पुष्पा 2’, लेकिन हिंदी दर्शकों को करना होगा इंतजार!

सुपरस्टार अल्लू अर्जुन और रश्मिका मंदाना की बहुप्रतीक्षित फिल्म पुष्पा 2: द रूल बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा चुकी है। 5 दिसंबर 2024 को रिलीज़ हुई इस एक्शन-थ्रिलर ने ग्लोबल स्तर पर 1,800 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर बाहुबली 2: द कन्क्लूजन को पीछे छोड़ दिया है। इसके साथ ही यह भारतीय सिनेमा की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है।
अब मेकर्स ने फिल्म की ओटीटी रिलीज़ को लेकर आधिकारिक घोषणा कर दी है। पुष्पा 2: रीलोडेड वर्जन 30 जनवरी 2025 से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगा। हालांकि, यह केवल तेलुगु, तमिल, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में उपलब्ध होगा, जिससे हिंदी दर्शकों को अभी और इंतजार करना पड़ेगा।
नेटफ्लिक्स ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर इस खबर की पुष्टि की है। रीलोडेड वर्जन में 23 मिनट की अतिरिक्त फुटेज जोड़ी गई है, जिससे इसकी कुल अवधि 3 घंटे 44 मिनट हो गई है। इस एक्सटेंडेड कट को 17 जनवरी को सिनेमाघरों में भी रिलीज़ किया गया था।
फिल्म अब भी सिनेमाघरों में मजबूती से बनी हुई है और इसकी ओटीटी रिलीज़ इसे और बड़े दर्शक वर्ग तक पहुंचाएगी। हालांकि, हिंदी वर्जन को लेकर कोई आधिकारिक अपडेट नहीं आया है, जिससे हिंदी दर्शकों को थोड़ा और इंतजार करना होगा।





