‘पुष्पा 2’ के हीरो अल्लू अर्जुन को मिली अंतरिम जमानत, फिल्म जगत ‘पुष्पा’ के साथ

साउथ के एक्टर अल्लू अर्जुन को हैदराबाद के सिनेमाघर में हुई महिला की मौत मामले में हाई कोर्ट से अंतरिम जमानत मिल गई है. बता दें कि महिला की मौत मामले में आज 13 दिंसबर को फिल्म अभिनेता अल्लू अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया गया था. मेडिकल जांच के बाद पुलिस ने शाम को अल्लू अर्जुन को कोर्ट में पेश किया. जहां कोर्ट ने उन्हें 14 दिनों की पुलिस कस्टडी में भेज दिया था.
इम मामले पर हुई अल्लू अर्जुन की गिरफ्तारी के बाद फिल्म जगत काफी नाराज दिखा, हालांकि दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के कलाकार, वरुण धवन सहित बॉलीवुड के कई कलाकार मुश्किल में पड़े अल्लू अर्जुन के समर्थन में आगे आ गए हैं. मेगास्टार चिरंजीवी और उनकी पत्नी सुरेखा अल्लू अर्जुन के घर पहुंच गए हैं.
संध्या थिएटर में एक महिला की मौत पर अभिनेता अल्लू अर्जुन की गिरफ्तारी पर अभिनेता वरुण धवन ने कहा, “अभिनेता सुरक्षा प्रोटोकॉल की अकेली जिम्मेदारी नहीं ले सकते. आप केवल अपने आस-पास के लोगों को बता सकते हैं… घटना दुखद थी. मैं अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं लेकिन साथ ही, आप इसके लिए केवल एक व्यक्ति को दोषी नहीं ठहरा सकते.”
दिग्गज अभिनेता रज़ा मुराद ने संध्या थिएटर में एक महिला की मौत पर अभिनेता अल्लू अर्जुन की गिरफ्तारी पर कहा, “…इसमें अभिनेता का क्या कसूर है?… अगर भगदड़ मची है तो उस भीड़ को अभिनेता कैसे रोक सकता है?… बहुत सी फिल्में हिट होती हैं… कई बार पुलिस को लाठीचार्ज भी करना पड़ता है लेकिन इसमें अभिनेता कैसे आ गया यह मेरी समझ से बाहर है… मैंने वीडियो देखे हैं कि थिएटर में पटाखे फोड़े जा रहे थे… पहली बात तो ये है कि थिएटर में पटाखों की अनुमति कैसे दी जा रही है? इसे रोकना तो अभिनेता का काम नहीं है… अगर अभिनेता इतना लोकप्रिय है कि लोग उसकी फिल्म देखने जाते हैं और सीन्स पर वे पटाखें छोड़ते हैं तो इसकी जिम्मेदारी थिएटर सुरक्षाकर्मी की है… ”
वरिष्ठ अभिनेता एन बालकृष्ण ने अल्लू अर्जुन की गिरफ्तारी को ‘अन्यायपूर्ण’ करार दिया और हमेशा उनके साथ खड़े रहने की बात कही.
पीड़ित केस वापस लेने को तैयार
इस बीच, भगदड़ में मारी गई महिला के पति ने कहा कि वो केस वापस लेने को तैयार हैं. पीड़ित ने कहा, “उन्हें जानकारी नहीं थी कि ऐसा कुछ हो जाएगा. हम एक्टर से केस वापस लेने को तैयार हैं.” बता दें कि महिला की मौत की जानकारी मिलने पर एक्टर अल्लू अर्जुन ने शोक भी जाहिर किया था. उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर 25 लाख रुपये की मदद का वादा भी किया था.





