Pushpa 2: महिला के मौत मामले में अल्लू अर्जुन पर केस दर्ज

अल्लू अर्जुन की पुष्पा 2 सिनेमाघरों में धमाल मचा रही है. 5 दिसंबर को रिलीज हुई अल्लू अर्जुन की फिल्म पुष्पा 2: द रूल रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड बना रही है. एक ओर फेंस से फिल्म को प्यार मिल रहा है तो वहीं दूसरी ओर अल्लू अर्जुन के लिए एक बुरी खबर है. पहले दिन ही फिल्म को सिनेमाघरों में सक्सेस मिली तो वहीं अल्लू अर्जुन पर केस दर्ज हो गया है.
दरअसल, 4 दिसंबर की रात ‘पुष्पा 2: द रूल’ के प्रीमियर शो के दौरान अल्लू अर्जुन की सर्प्राइज एंट्री के चलते भगदड़ मच गई. जिसके बाद हैदराबाद के थिएटर में दम घुटने से एक महिला की मौत हो गई. फिल्म की स्क्रीनिंग और अल्लू अर्जुन-रश्मिका मंदाना की एक झलक पाने के लिए भीड़ बेताब हो गई और अचानक भगदड़ मची जिसमें एक 35 वर्षीय महिला ने अपनी जान गंवा दी साथ ही 13 साल का एक बेटा भी घायल हो गया. अब उसी महिला की मौत मामले में पुष्पा 2 के हीरो अल्लू अर्जुन के ऊपर केस दर्ज हो गया है.
4 दिसंबर की रात करीब साढ़े नौ बजे अल्लू अर्जुन, रश्मिका मंदाना और म्यूजिक डायरेक्टर देवी श्री प्रसाद के साथ थियेटर के प्रीमियर शो के लिए पहुंचे. बताया गया कि उनके निजी सुरक्षाकर्मियों ने रास्ता बनाने के लिए भीड़ को धक्का देना शुरू कर दिया. इसकी वजह से पहले से ही अराजक स्थिति और भी बदतर हो गई. फैन्स अल्लू अर्जुन के पीछे-पीछे अंदर जाने की कोशिश करने लगे. इसकी वजह से थिएटर की निचली बालकनी में अफरा-तफरी मच गई. और देखते ही देखते भगदड़ मच गई.
इस हादसे के बाद मृतक के परिवार ने चिक्कदपल्ली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई. भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 और 118 (1) और धारा 3 (5) के तहत मामला दर्ज किया गया है. सेंट्रल जोन डीसीपी अक्षांश यादव ने कहा कि शिकायत के मुताबिक, इस केस में अभिनेता अल्लू अर्जुन, थिएटर प्रबंधन और उनकी सुरक्षा टीम को आरोपी बनाया गया है. हमें यह पता लगाना होगा कि उनकी सुरक्षा टीम में उस रात कौन मौजूद था और किसने लोगों को धक्का दिया, जिससे यह स्थिति पैदा हुई? हमारी तैनाती वहां थी और पुलिस की तरफ से कोई चूक नहीं हुई है. जांच जारी है.’





